गिरावट के साथ खुले शेयर बाजार, शुरुआती कारोबार में उतार-चढ़ाव का रुख
मुंबई। वैश्विक शेयर बाजारों में बिकवाली के बीच भारतीय शेयर बाजार मंगलवार को लगातार तीसरे कारोबारी सत्र में लाल निशान के साथ खुले, हालांकि शुरुआती कारोबार के दौरान उतार-चढ़ाव देखने को मिला। इस दौरान 30 शेयरों वाला बीएसई सूचकांक 601.39 अंक गिरकर 58,172.48 पर था। दूसरी ओर व्यापक एनएसई निफ्टी 145.5 अंक गिरकर 17,345.20 पर …
मुंबई। वैश्विक शेयर बाजारों में बिकवाली के बीच भारतीय शेयर बाजार मंगलवार को लगातार तीसरे कारोबारी सत्र में लाल निशान के साथ खुले, हालांकि शुरुआती कारोबार के दौरान उतार-चढ़ाव देखने को मिला।
इस दौरान 30 शेयरों वाला बीएसई सूचकांक 601.39 अंक गिरकर 58,172.48 पर था। दूसरी ओर व्यापक एनएसई निफ्टी 145.5 अंक गिरकर 17,345.20 पर आ गया। हालांकि, बाद में दोनों सूचकांकों में उतार-चढ़ाव देखने को मिला और ये कभी बढ़त – कभी गिरावट के साथ कारोबार कर रहे थे।
खबर लिखे जाने तक सेंसेक्स 88.72 अंक बढ़कर 58,862.59 पर, जबकि निफ्टी 33.50 अंक चढ़कर 17,524.20 पर था। अन्य एशियाई बाजारों में सोल, तोक्यो और हांगकांग के बाजार लाल निशान में थे, जबकि शंघाई में बढ़त थी। सेंसेक्स सोमवार को 872.28 अंक या 1.46 प्रतिशत की गिरावट के साथ 58,773.87 पर बंद हुआ था। निफ्टी 267.75 अंक या 1.51 फीसदी की गिरावट के साथ 17,490.70 पर बंद हुआ।
इस बीच अंतरराष्ट्रीय तेल बेंचमार्क ब्रेंट क्रूड 0.79 प्रतिशत बढ़कर 97.22 डॉलर प्रति बैरल के भाव पर पहुंच गया। शेयर बाजार के अस्थाई आंकड़ों के मुताबिक विदेशी संस्थागत निवेशकों (एफआईआई) ने सोमवार को शुद्ध रूप से 453.77 करोड़ रुपये के शेयर बेचे।
ग्लोबल मार्केट का हाल
दूसरी तरफ लगातार बिकवाली के चलते अमेरिकी बाजार भारी दबाव में दिखाई दिया। जैकसन होल बैठक से पहले बिकवाली के चलते अमेरिकी बाजार 2 से 2।5 प्रतिशत तक टूट गया। डाउ जोंस 643 अंक गिरा और नैसडेक (Nasdaq) में 324 प्वाइंट की गिरावट आई। महंगाई और मंदी की चिंता बाजार पर हावी रही। SGX निफ्टी गिरकर 17450 के पास चल रहा है। वहीं, निक्केई 350 अंक लुढ़का।
ये भी पढ़ें- कमजोर हाजिर मांग से तांबा वायदा कीमतों में गिरावट
