ED ने मुख्यमंत्री हेमंत के करीबी प्रेम प्रकाश को किया गिरफ्तार, छापेमारी में मिली थीं दो AK- 47
रांची। झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के करीबी प्रेम प्रकाश को प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने बुधवार को गिरफ्तार कर लिया। कल रांची में प्रेम प्रकाश से जुड़े ठिकानों पर छापेमारी में दो AK- 47 राइफल और 60 जिंदा कारतूस बरामद किए थे। बता दें कि झारखंड में कथित अवैध खनन के मामले में ईडी मनी …
रांची। झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के करीबी प्रेम प्रकाश को प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने बुधवार को गिरफ्तार कर लिया। कल रांची में प्रेम प्रकाश से जुड़े ठिकानों पर छापेमारी में दो AK- 47 राइफल और 60 जिंदा कारतूस बरामद किए थे। बता दें कि झारखंड में कथित अवैध खनन के मामले में ईडी मनी लॉन्ड्रिंग की जांच कर रही है। कल ED की टीम ने एक साथ झारखंड, बिहार, तमिलनाडु और एनसीआर में करीब 17-20 परिसरों पर छापेमारी की थी।
प्रेम प्रकाश के घर से मिली थीं दो AK- 47
प्रेम प्रकाश से जुड़े ठिकानों पर ये छापेमारी की गई थी. प्रेम प्रकाश पर अवैध खनन घोटाले में शामिल होने का शक है। ईडी ने छापेमारी के दौरान रांची में प्रेम प्रकाश के घर से दो AK 47 राइफल, 60 कारतूस और दो मैगजीन बरामद की थीं।
बीजेपी का हेमंत सोरेन और कांग्रेस पर हमला
बीजेपी के सांसद निशिकांत दुबे ने एक ट्वीट में कहा कि प्रकाश ‘झारखंड के मुख्यमंत्री और उनके पारिवारिक मित्र अमित अग्रवाल के सहयोगी हैं’ और उनके (प्रकाश) संबंधों की राष्ट्रीय अन्वेषण अभिकरण (एनआईए) द्वारा जांच की जानी चाहिए। बीजेपी के पूर्व नेता एवं वर्तमान में राज्य के निर्दलीय विधायक सरयू रॉय ने अपने ट्विटर हैंडल पर लिखा कि इसकी जांच होनी चाहिए कि प्रेम प्रकाश को एके-47 राइफलें कैसे मिलीं और इस बात की संभावना है कि इसका कोई आतंकवादी संबंध हो।
क्या है मामला?
ईडी की जांच तब शुरू हुई जब एजेंसी ने अवैध खनन और जबरन वसूली के कथित मामलों के संबंध में आठ जुलाई को मिश्रा और उनके कथित सहयोगियों के परिसरों पर छापा मारा था जिनमें झारखंड के साहिबगंज, बरहेट, राजमहल, मिर्जा चौकी और बरहरवा सहित 19 स्थान शामिल थे। ईडी ने मार्च में मिश्रा और अन्य के खिलाफ धनशोधन रोकथाम अधिनियम (पीएमएलए) के तहत एक मामला दर्ज करने के बाद छापेमारी शुरू की थी, जिसमें आरोप लगाया गया था कि मिश्रा ने ‘अवैध रूप से बड़ी संपत्ति हड़प ली या अपने नाम करा ली।’
जुलाई की छापेमारी के तुरंत बाद, ईडी ने 50 बैंक खातों में पड़े 13.32 करोड़ रुपये की राशि जब्त कर ली थी। एजेंसी ने कहा, ‘जांच के दौरान एकत्र किए गए साक्ष्य में विभिन्न व्यक्तियों के बयान, डिजिटल साक्ष्य और दस्तावेज शामिल हैं। इससे पता चला है कि जब्त की गई नकदी या बैंक बैलेंस वन क्षेत्र सहित साहिबगंज क्षेत्र में बड़े पैमाने पर किए जा रहे अवैध खनन से प्राप्त हुआ है।’ ईडी ने कहा था कि वह इसकी जांच कर रहा है कि झारखंड में अवैध खनन कार्यों से ”अपराध से अर्जित” 100 करोड़ रुपये किस रास्ते से आये और कहां गये।
ये भी पढ़ें- भारत-जापान के बीच अगले महीने तोक्यो में होगा ‘टू प्लस टू’ संवाद, अहम मुद्दों पर होगी चर्चा
