मथुरा: बांके बिहारी मंदिर में दो श्रद्धालुओं की मौत के मामले की जांच शुरू
मथुरा, अमृत विचार। वृंदावन स्थित ठाकुर श्री बांके बिहारी मंदिर में श्री कृष्ण जन्माष्टमी पर्व पर हादसे में दो श्रद्धालुओं की मौत के मामले की जांच को गठित समिति ने गुरुवार को टूरिस्ट फेसिलिटी सेंटर में स्थानीय लोगों से मुलाकात कर हादसे की जानकारी की। इस दौरान मंदिर की व्यवस्थाओं को लेकर शिकायत व सुझाव …
मथुरा, अमृत विचार। वृंदावन स्थित ठाकुर श्री बांके बिहारी मंदिर में श्री कृष्ण जन्माष्टमी पर्व पर हादसे में दो श्रद्धालुओं की मौत के मामले की जांच को गठित समिति ने गुरुवार को टूरिस्ट फेसिलिटी सेंटर में स्थानीय लोगों से मुलाकात कर हादसे की जानकारी की। इस दौरान मंदिर की व्यवस्थाओं को लेकर शिकायत व सुझाव भी लिए गए। ठाकुर श्री बांके बिहारी मंदिर में हुए हादसे की जांच को गठित दो सदस्यीय जांच समिति पिछले दो दिन से मंदिर परिसर व आसपास के इलाकों का स्थलीय निरीक्षण कर चुकी हैं।
गुरुवार को टूरिस्ट फेसिलिटी सेंटर में करीब छह घंटे तक समिति के अध्यक्ष पूर्व डीजीपी सुलखान सिंह व सदस्य अलीगढ़ के मंडलायुक्त गौरव दयाल ने डेढ़ सौ से अधिक लोगों से हादसे की जानकारी ली। बताया जा रहा है कि 55 अलग-अलग बिंदुओं पर सुझाव और शिकायते दर्ज की गई हैं। इसमे दो दर्जन से अधिक लोगों के कलमबंद बयान भी हुए हैं। हालांकि इस बीच जनपद के एक प्रमुख शिक्षा संस्थान के स्टाफ और छात्र-छात्राएं का बसों में भरकर जांच स्थल पर पहुंचना पूरे दिन चर्चा का विषय बना रहा।
शिक्षा संस्थान से आए स्टाफ और स्टूडेंट्स को एक युवक द्वारा एक पत्र भी दिया जा रहा था। जो कि समिति के समक्ष जमा कराए जा रहे थे। बताया जाता है कि यह सभी मंदिर की व्यवस्थाओं को लेकर पूछे गए सवालों से बचते नजर आए। जांच समिति के अध्यक्ष पूर्व डीजीपी सुलखान सिंह ने बताया कि काफी संख्या में लोग अपनी शिकायत व सुझाव लेकर पहुंचे है। शुक्रवार को भी लोगों से मुलाकात की जाएगी। इसके बाद सभी साक्ष्यों और तथ्यों के आधार पर अपनी रिपोर्ट तैयार कर शासन को सौंपी जायेगी।
ये भी पढ़ें- मथुरा: डीएम और एसएसपी ने राधाष्टमी जन्मोत्सव कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर की बैठक
