संभल: सैमला की गोशाला में चारा नहीं मिलने से तीन गायों की मौत, पांच-छह गोवंशीय पशु बीमार
संभल, अमृत विचार। चार अगस्त को अमरोहा की गोशाला में जहरीला चारा खाने से 61 गायों की मौत के बाद सैमला की गोशाला में चारा नहीं मिलने से तीन गायों ने दम तोड़ दिया। इसके अलावा गोशाला में पांच-छह गोवंशीय पशु बीमार हैं, जिन्हें उपचार नहीं दिया जा रहा है। वहीं ग्रामीणों का आरोप है …
संभल, अमृत विचार। चार अगस्त को अमरोहा की गोशाला में जहरीला चारा खाने से 61 गायों की मौत के बाद सैमला की गोशाला में चारा नहीं मिलने से तीन गायों ने दम तोड़ दिया। इसके अलावा गोशाला में पांच-छह गोवंशीय पशु बीमार हैं, जिन्हें उपचार नहीं दिया जा रहा है। वहीं ग्रामीणों का आरोप है कि गायों को हरा चारा व भूसा भरपूर मात्रा में नहीं मिल रहा है। हालांकि सीवीओ ने आरोपियों पर कार्रवाई की बात कही है।
गुन्नौर कोतवाली क्षेत्र के गांव सैमला में गोवंशीय पशुओं के लिए सरकार ने 2021 में गोशाला का निर्माण कराया था। इसमें गोवंशीय पशुओं की देखभाल करने के लिए ग्राम प्रधान ने निजी तौर पर एक व्यक्ति को जिम्मेदारी दे रखी है। शुक्रवार को नत्थू सिंह और कालीचरण ने बताया कि बीते दो दिनों में ही चार पशुओं की भूख से मौत हो चुकी है। पशुओं को पानी पिलाने के लिए भी इंतजाम नहीं है और बिजली कनेक्शन नहीं है। इसके अलावा गोशाला में गंदगी के ढेर लगे हुए हैं। बारिश होने पर गोशाला में एक से डेढ़ फिट तक पानी भर जाता है। इसके बावजूद भी जिम्मेदार समस्या पर ध्यान नहीं दिया जा रहा है।
गांव सैमला में हम लगातार गायों की देखभाल को लेकर जायजा ले रहे हैं। अगर कोई गोशाला में गोवंश मरने की बात है तो उसे रजिस्टर में दर्ज कर कराया जाएगा। गुन्नौर बीडीओ भी इस सारे मामले की देखभाल कर रहे हैं। लापरवाही की बात सामने आती है तो इस संबंध में जानकारी लेकर मामला दर्ज करवाएंगे। – सतीश कुमार अग्रवाल, सीवीओ
61 गायों की मौत की जांच रिपोर्ट शासन को भेजी
अमरोहा। गांव सांथलपुर स्थित गोशाला में जहरीला चारा खाने से हुई 61 गायों की मौत के मामले में जांच रिपोर्ट शासन को भेज दी गई है। कमिशनर आन्जनेय कुमार ने बताया कि शासन स्तर से इस मामले में आगे की कार्रवाई की जाएगी।
आदमपुर थाना क्षेत्र के गांव साथलपुर गोशाला में 237 गोवंशीय पशु हैं। चार अगस्त को गोशाला के श्रमिकों ने ताहिर से चारा खरीदा था। जहरीला चारा खाने से करीब 61 गायों की मौत हो गई थी, जबकि 100 से अधिक गाय बीमार हो गई थीं। यह मामला प्रदेश स्तर तक गरमा गया था। मुख्यमंत्री के आदेश पर पशुधन मंत्री धर्मपाल सिंह ने गोशाला का निरीक्षण किया था और जांच समिति बनाई गई थी। इस मामले में 12 आरोपियों को जेल भेजा जा चुका है।
ये भी पढ़ें:- संभल: चोरी की 11 बाइकों के साथ दो गिरफ्तार, दो तमंचे और पांच कारतूस बरामद
