बरेली: ट्रैफिक पर बोले संतोष गंगवार, कहा- अनाधिकृत रूप से चौराहों पर लगा दीं महंगी लाइटें

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बरेली, अमृत विचार। भीषण गर्मी में विद्युत विभाग की लचर व्यवस्था ने शहर से लेकर देहात तक आमजन को मुश्किल में डाला है। जन समस्याएं हल नहीं होने पर जनप्रतिनिधि भी त्रस्त हो गए हैं। विद्युत अधिकारियों के व्यवस्थाएं दुरुस्त न करने और फुंके ट्रांसफार्मर को समय से नहीं बदलने को लेकर जनप्रतिनिधियों की नाराजगी …

बरेली, अमृत विचार। भीषण गर्मी में विद्युत विभाग की लचर व्यवस्था ने शहर से लेकर देहात तक आमजन को मुश्किल में डाला है। जन समस्याएं हल नहीं होने पर जनप्रतिनिधि भी त्रस्त हो गए हैं। विद्युत अधिकारियों के व्यवस्थाएं दुरुस्त न करने और फुंके ट्रांसफार्मर को समय से नहीं बदलने को लेकर जनप्रतिनिधियों की नाराजगी शनिवार की शाम कलेक्ट्रेट सभागार में जनप्रतिनिधियों के साथ संवाद कार्यक्रम में खूब दिखी।

जनप्रतिनिधियों ने शिकायत की कि विद्युत अधिकारी फोन नहीं उठाते हैं। पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं सांसद संतोष गंगवार ने शहर के ट्रैफिक का मुद्दा उठाया। कहा कि शहर में प्रत्येक चौराहे पर अनाधिकृत रूप से महंगी लाइटें लगा दी हैं। इससे आमजन की दिक्कतें बढ़ रही हैं। चौराहे जाम हो रहे हैं। उन्होंने लाइटें हटवाने की बात कही। इस पर एसएसपी सत्यार्थ अनिरुद्ध पंकज ने चौराहों को चिह्नित कराकर लाइटों को हटवाने का आश्वासन दिया।

जिलाधिकारी शिवाकान्त द्विवेदी की अध्यक्षता में हुए संवाद कार्यक्रम में सांसद धर्मेंद्र कश्यप ने कहा कि लालफाटक के कांधरपुर क्षेत्र की लाइट चनेहटी के पास करीब छह किलो दूर से सप्लाई हो रही है। जिससे लाइन लॉस के साथ ओवरलोडिंग की समस्या भी बढ़ गई है। ट्रांसफार्मर की क्षमता नहीं बढ़ाई है। ट्रांसफार्मर फुंकने पर समय पर अधिकारी कार्रवाई नहीं कर रहे हैं। इससे ग्रामीण परेशान हो रहे हैं। सांसद धर्मेंद्र कश्यप ने भमोरा के बल्लिया के गर्रा डपटा गांव का मामला उठाया।

कहा कि इस गांव के लिए विद्युत सप्लाई बल्लिया या भमोरा से आनी चाहिए लेकिन आंवला से दी जा रही है। इससे दिक्कत ज्यादा हो रही है। प्रधानमंत्री सड़क योजना के अंतर्गत दो साल में सड़क नहीं बनाई गई। पत्थर डालकर छोड़ दी गई। जिम्मेदार बल्लिया और मीरगंज क्षेत्र में सड़कें अधूरी छोड़कर बजट का रोना रो रहे हैं। मंडी समिति और गन्ना समिति भी सड़कें बनाती है, लेकिन सड़क नहीं बना रही हैं। महेशपुरा रेलवे क्रासिंग पर आए दिन जाम की स्थिति बनी रहती है।

दोनों फाटकों बंद होने पर वाहनों की लाइनें लग जाती हैं। जाम की स्थिति को देखते हुए पुलिस कर्मियों की तैनाती की बात कही। बिथरी विधायक डा. राघवेंद्र शर्मा ने भी बिजली की समस्या जोरशोर से उठाई। एमएलसी कुंवर महाराज सिंह, महापौर डॉ. उमेश गौतम, मीरगंज डा. डीसी वर्मा, एडीएम सिटी डा. आरडी पांडेय आदि अधिकारी मौजूद रहे।

सपा विधायक बोले-चंदा से बदले जाते हैं ट्रांसफार्मर, भाजपा सांसद ने कहा-ऐसा अब नहीं
सपा से बहेड़ी विधायक अताउर्रहमान ने जनप्रतिनिधियों के साथ संवाद कार्यक्रम में खराब ट्रांसफार्मर के न बदले जाने का मुद्दा उठाया। कहा कि बिजली व्यवस्था चौपट है। ग्रामीण चंदा कर रुपये जुटाते हैं और अधिकारियों को देते हैं। तब ट्रांसफार्मर बदला जाता है। अताउर्रहमान की इस बात को तत्काल सांसद धर्मेंद्र कश्यप व विधायक मीरगंज डा. डीसी वर्मा ने काटा और कहा कि भाजपा सरकार में ऐसा नहीं होता है। पूर्व की सरकारों में इस तरह का बहुत होता था।

फुंका ट्रांसफार्मर निशुल्क और समयबद्ध बदला जा रहा है। भोजीपुरा विधायक शहजिल इस्लाम ने भी ट्रांसफार्मर फुंकने का मामला उठाया। कहा कि बिजली विभाग के लोग ग्रामीण क्षेत्रों में बहुत परेशान कर रहे हैं। परेशान लोग हमारे पास आकर शिकायत करते हैं। आबादी बढ़ गई, लेकिन लोड नहीं बढ़ाया गया है। भोजीपुरा विधायक और बहेड़ी विधायक पहली बार जनप्रतिनिधियों के संवाद कार्यक्रम में पहुंचे।

एनएचएआई के पीडी नहीं आने पर सांसद-विधायक नाराज
तीन बार जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों के बीच विकास की गतिविधियों को लेकर बैठकें हो चुकी हैं लेकिन एनएचएआई के पीडी एक भी बैठक में नहीं पहुंचे। इस पर जनप्रतिनिधियों ने कड़ी आपत्ति करते हुए नाराजगी जताई। जनप्रतिनिधियों ने जिलाधिकारी से इसका संज्ञान लेने को कहा। इसमें पीडी को कड़ी चिट्ठी लिखे जाने की बात कही गई।

ग्रामीण क्षेत्रों में 48 घंटे तो शहरी क्षेत्रों में 24 घंटे में खराब ट्रांसफार्मर बदलें
जिलाधिकारी ने पीडब्ल्यूडी को निर्देश दिए कि कितनी सड़कों का टेंडर स्वीकृत हुआ और कितनी सड़कों में कार्य किया और कितनी का कार्य बाकी है। उसकी सूची जनप्रतिनिधियों को उपलब्ध कराएं। अधिशासी अभियंता विद्युत को निर्देश दिए कि जहां-जहां पर सब स्टेशन स्थायी हैं और कहां कहां बन रहे हैं, इसकी

सूची विधायक व सांसदों को उपलब्ध कराएं। जनप्रतिनिधियों ने यह भी शिकायत की कि विद्युत विभाग के अधिकारी जल्दी फोन नहीं उठाते हैं। निर्देश दिए कि सभी विद्युत विभाग के अधिकारी/कर्मचारी फोन उठाएं, जिससे जनता की विद्युत से संबंधित समस्याएं हल हो सकें। ऊर्जा से संबंधित समस्याओं के लिए टोल फ्री नंबर 1912 पर किसी भी समय शिकायत कर सकते हैं। जिलाधिकारी ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में ट्रांसफार्मर खराब/जलने पर 48 घंटे और शहरी क्षेत्रों में 24 घंटे में ट्रांसफार्मर अवश्य बदला जाए।

यह भी पढ़ें- बरेली: ईमानदारी की मिसाल बना बस चालक, रुपयों से भरा बैग यात्री को लौटाया

संबंधित समाचार