बिजनौर : सिपाही ने जीआरपी थानाध्यक्ष को मारा थप्पड़, निलंबित
बिजनौर/नजीबाबाद,अमृत विचार। ड्यूटी से नदारद सिपाही से स्पष्टीकरण मांगा तो वह जीआरपी थानाध्यक्ष पर ही हमलावर हो गया। गुस्साए सिपाही ने थानाध्यक्ष को थप्पड़ जड़ दिया। इतना ही नहीं उसने कुर्सी उठाकर भी थाना प्रभारी पर हमला करने का प्रयास किया। मौजूद सिपाहियों ने किसी तरह से उनको बचाया। मामला संज्ञान में आने के बाद …
बिजनौर/नजीबाबाद,अमृत विचार। ड्यूटी से नदारद सिपाही से स्पष्टीकरण मांगा तो वह जीआरपी थानाध्यक्ष पर ही हमलावर हो गया। गुस्साए सिपाही ने थानाध्यक्ष को थप्पड़ जड़ दिया। इतना ही नहीं उसने कुर्सी उठाकर भी थाना प्रभारी पर हमला करने का प्रयास किया। मौजूद सिपाहियों ने किसी तरह से उनको बचाया। मामला संज्ञान में आने के बाद एसपी रेलवे ने आरोपी सिपाही को निलंबित कर सीओ सहारनपुर को जांच सौंप दी है। वहीं घटना के बाद सिपाही फरार बताया जा रहा है। उसका फोन भी बंद हैं।
नजीबाबाद जीआरपी में सुभाष तोमर थाना प्रभारी हैं। इसी थाने में सचिन बतौर सिपाही तैनात है। बताते हैं कि वह बिन बताए ड्यूटी से नदारद हो गया था। जिस पर उससे स्पष्टीकरण तलब किया गया था। 26 अगस्त को एसपी रेलवे अपर्णा गुप्ता के समक्ष सचिन को हाजिर होना था। इसलिए 25 अगस्त की शाम को उसे थाने से फ्री कर दिया गया था। हालांकि बाद में स्पष्टीकरण कैंसिल होने पर उसे वापस थाने बुला लिया गया। स्पष्टीकरण तलब किए जाने से सचिन खफा था। बताते हैं कि शनिवार की दोपहर थाना प्रभारी सुभाष तोमर अपनी सीट पर बैठकर विभागीय कार्य निपटा रहे थे। तभी सिपाही सचिन पीछे से आया और हमलावर हो गया। आरोप है कि उसने थाना प्रभारी को थप्पड़ मार दिया।
अचानक हुए इस हमले से वह सकपका गए। इसके बाद सिपाही ने कुर्सी उठाकर उन पर हमला करने का प्रयास किया। जिस पर थानाध्यक्ष ने उसे हड़काया तो कुर्सी रख दी। थाना प्रभारी पर हुए हमले से मौके पर हड़कंप मच गया। अन्य सिपाही भी मौके पर आ गए। इस बीच आरोपी सिपाही वहां से चला गया। थाना प्रभारी को थप्पड़ मारने का मामला एसपी रेलवे के समक्ष पहुंचा तो उन्होंने तत्काल सचिन को निलंबित करने के आदेश कर दिए। साथ ही इस पूरे प्रकरण की जांच सीओ रेलवे सहारनपुर देवी दयाल को सौंप दी। रविवार को सीओ जीआरपी थाने पहुंचे और पूरे प्रकरण की जानकारी ली। साथ ही थाना प्रभारी के बयान भी दर्ज किए।
शाम को आरोपी सिपाही आकर मिला था, उसने थानाध्यक्ष पर प्रताड़ित करते हुए जान से मारने का आरोप लगाया था। जब मैं घटनास्थल पर पहुंचा और सीसीटीवी फुटेज चेक किए तो मालूम हुआ कि सिपाही द्वारा बताया गया मामला झूठा है। सिपाही सचिन ने पीछे से आकर काम करते हुए थानाध्यक्ष के साथ मारपीट की है। तथ्यों के आधार पर जांच पड़ताल की जा रही। -देवी दयाल सीओ रेलवे ,सहारनपुर।
ये भी पढ़ें:- पीलीभीत: बसंतापुर में लगे ‘मरौरी बीडीओ’ मुर्दाबाद के नारे, फर्जी जांच का लगाया आरोप
