दिल्ली की कंपनी करेगी हल्द्वानी ट्रंचिंग ग्राउंड में डंप कूड़े का निस्तारण, तीन करोड़ का टेंडर
हल्द्वानी, अमृत विचार। गौला रोखड़ स्थित ट्रंचिंग ग्राउंड में डंप पुराने कूड़े के निस्तारण के लिए लीगेसी वेस्ट प्लांट का टेंडर हो गया है। ये टेंडर दिल्ली की एक कंपनी के नाम खुला है। कंपनी तीन करोड़ रुपये में छह माह के भीतर कूड़े का निस्तारण कर ट्रंचिंग ग्राउंड को खाली करेगी और एक माह …
हल्द्वानी, अमृत विचार। गौला रोखड़ स्थित ट्रंचिंग ग्राउंड में डंप पुराने कूड़े के निस्तारण के लिए लीगेसी वेस्ट प्लांट का टेंडर हो गया है। ये टेंडर दिल्ली की एक कंपनी के नाम खुला है। कंपनी तीन करोड़ रुपये में छह माह के भीतर कूड़े का निस्तारण कर ट्रंचिंग ग्राउंड को खाली करेगी और एक माह में प्लांट लगायेगी।
सोमवार को नगर निगम में मेयर डा. जोगेन्द्र सिंह रौतेला व नगर आयुक्त पंकज उपाध्याय की उपस्थिति में लीगेसी वेस्ट प्लांट की टेंडर प्रक्रिया हुई। जिसमें सात कंपनियों के प्रतिनिधियों ने भाग लिया। इस दौरान दिल्ली की एक कंपनी के नाम टेंडर खुला। कंपनी को तीन करोड़ रुपये में छह माह के अंदर ट्रंचिंग ग्राउंड में डंप पुराने कूड़े का निस्तारण कर ग्राउंड को खाली करना होगा। नगर आयुक्त पंकज उपाध्याय ने बताया कि कंपनी एक महीने में प्लांट लगायेगी, जबकि अगले छह महीने में कूड़े को निस्तारित करेगी।
बैठक में सहायक नगर आयुक्त गौरव भसीन, वरिष्ठ नगर स्वास्थ्य अधिकारी मनोज कांडपाल समेत कई लोग मौजूद रहे। बता दें कि ट्रंचिंग ग्राउंड में हल्द्वानी के अलावा नैनीताल, भीमताल, भवाली व लालकुआं से कूड़ा आता है। इन सभी स्थानों से रोजाना करीब 130 मीट्रिक टन कूड़ा निकलता है। पिछले चार साल में कूड़ा निस्तारण न होने से ट्रंचिंग ग्राउंड में कूड़े के पहाड़ लग गये हैं। जिससे यहां से गुजरने वाले लोगों को भारी दुर्गंध का सामना करना पड़ रहा है।
