अयोध्या : मौत मामले में उपनिदेशक पर लगा प्रताड़ना का आरोप

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

अमृत विचार, अयोध्या। डाभासेमर स्थित राजकीय बीज भंडार के संविदाकर्मी की मौत मामले में कृषि विभाग के उपनिदेशक पर प्रताड़ना का आरोप लगा है। कर्मी की पत्नी ने नगर कोतवाली पुलिस को तहरीर देकर उपनिदेशक को मौत का जिम्मेदार बताया है। राजकीय बीज भंडार डाभासेमर पर संविदा कर्मी के तहत बीटीएम के पद पर तैनात …

अमृत विचार, अयोध्या। डाभासेमर स्थित राजकीय बीज भंडार के संविदाकर्मी की मौत मामले में कृषि विभाग के उपनिदेशक पर प्रताड़ना का आरोप लगा है। कर्मी की पत्नी ने नगर कोतवाली पुलिस को तहरीर देकर उपनिदेशक को मौत का जिम्मेदार बताया है।

राजकीय बीज भंडार डाभासेमर पर संविदा कर्मी के तहत बीटीएम के पद पर तैनात नगर कोतवाली के शारदापुरम कालोनी निवासी डा अजीत प्रताप सिंह की 23 अगस्त को हार्ट अटैक के चलते मौत हो गई थी। क्रिया कर्म के बाद प्रकरण में मृतक की पत्नी मीनू सिंह की ओर से पुलिस को दी गई शिकायत में आरोप है कि पति की तबियत खराब होने के बावजूद उनको कृषि विभाग के उपनिदेशक संजय त्रिपाठी की ओर से जबरदस्ती ड्यूटी पर जाने को मजबूर किया जा रहा था।

पति ने बीमारी का हवाला देकर छुट्टी की मांग की लेकिन छुट्टी नहीं दी गई। समय से मानदेय न मिलने के बावजूद जबरदस्ती काम लिया जाता रहा और मानसिक अवसाद के चलते हार्ट अटैक का शिकार हो गये। महिला का कहना है कि 18 अगस्त को सोहावल ब्लाक के बल्लीपुर गाँव में प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि का सत्यापन के दौरान अचानक पेट में तेज दर्द हुआ था। जाँच कराने पर पता चला था कि पित्ताशय में पथरी है।

पूरे मामले की जानकारी विभाग के साथ उपनिदेशक कृषि को दी गई थी। बावजूद इसके उपनिदेशक की ओर से कार्य करने का दबाव बनाया जाता रहा और वह मानसिक अवसाद का शिकार हो गए। प्रताड़ना की जानकारी उन्होंने पिता तथा अन्य को बताई थी। इस बाबत सीओ सिटी शैलेन्द्र सिंह ने बताया कि महिला की ओर से शिकायत नगर कोतवाली पुलिस को दी गई है। पुलिस शिकायत की जाँच-पड़ताल कर रही है।

यह भी पढ़ें:- बाजपुर: विवाहिता ने फांसी लगाकर दी जान, ससुराल पक्ष पर प्रताड़ना का आरोप

संबंधित समाचार