मां नंदा-सुनंदा की मूर्ति निर्माण के लिए ज्योलिकोट के भल्यूटी गांव से कदली वृक्ष पहुंचा नैनीताल, बही आस्था की बयार

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

नैनीताल, अमृत विचार। सरोवर नगरी नैनीताल में 120वें नंदा देवी महोत्सव के दूसरे दिन शुक्रवार को मां नंदा-सुनंदा की मूर्ति निर्माण के लिए ज्योलिकोट भल्यूटी गांव से कदली वृक्ष लाया गया। इस मौके पर भक्तों ने पारंपरिक तरीके से कदली वृक्ष का भव्य स्वागत किया। चारों ओर जय मां, नंदा-सुनंदा के जयकारे गूंजते रहे। स्कूली …

नैनीताल, अमृत विचार। सरोवर नगरी नैनीताल में 120वें नंदा देवी महोत्सव के दूसरे दिन शुक्रवार को मां नंदा-सुनंदा की मूर्ति निर्माण के लिए ज्योलिकोट भल्यूटी गांव से कदली वृक्ष लाया गया। इस मौके पर भक्तों ने पारंपरिक तरीके से कदली वृक्ष का भव्य स्वागत किया। चारों ओर जय मां, नंदा-सुनंदा के जयकारे गूंजते रहे। स्कूली बच्चों से लेकर महिलायें, पुरुष और बुजुर्ग हर किसी ने भक्ति भाव से मां को याद किया और इस पवित्र क्षण के साक्षी बने।

दोपहर के समय कदली वृक्ष नगर के सूखाताल क्षेत्र में लाया गया, जहां पारंपरिक ढंग से विधि-विधान से पूजन कर इसे तल्लीताल वैष्णव देवी मंदिर में लाया गया। पूरी सरोवर नगरी इस दौरान मां की भक्ति में झूम उठी। कुमाऊंनी परिधानों में सजी महिलाओं, स्कूली छात्रों व सैकड़ों की संख्या में स्थानीय निवासियों ने माता के जयकारों के साथ कदली वृक्ष के साथ नगर भ्रमण किया।

इस दौरान महिलाओं द्वारा झोड़े भी गाए गए। शाम के समय नयना देवी मंदिर में परिक्रमा के बाद कदली वृक्ष को मूर्ति निर्माण के लिए रख दिया गया। शनिवार को मूर्ति निर्माण किया जाएगा। इसके बाद रविवार को सुबह ब्रह्ममुहूर्त में मां नंदा सुनंदा को भक्तों के दर्शनों के लिए स्थापित किया जाएगा।

रामसेवक सभा के सदस्य प्रो. ललित तिवारी ने बताया कि आज मां अपने मायके आ गयी हैं और अगले चार दिन तक मां नंदा-सुनंदा अपने मायके में रहती हैं और फिर 7 सितंबर को वे अपने ससुराल को लौट जाएंगे। उनकी विदाई पर इंद्र देवता भी रोते हैं। इसलिए विसर्जन के दिन बारिश की संभावना रहती है। साथ ही विदाई के दिन सभी भक्तों की आंखें भी नम हो जाती है।

इस दौरान शांति मेहरा, सरस्वती खेतवाल, मुन्नी तिवारी, रामसेवक सभा अध्यक्ष मनोज साह, महासचिव जगदीश बवाड़ी, मुकेश जोशी, विमल चौधरी, कमलेश ढोडियाल, गिरीश जोशी, जेके शर्मा, सभासद गजाला कमाल, निर्मला चंद्रा, मनोज जोशी, तारा राणा, प्रेमा अधिकारी, संतोष कुमार, गोपाल रावत, विश्वकेतु, अरुण कुमार, दीपिका बिनवाल, राजेंद्र लाल, भूपेंद्र बिष्ट, मीना बिष्ट आदि मौजूद रहे।

संबंधित समाचार