हल्द्वानी में अपराधियों के हौसले बुलंद, शराब बेचने का विरोध करने पर रेस्टोरेंट मालिक और कर्मचारी पर धारदार हथियार से हमला

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

हल्द्वानी, अमृत विचार। शराब तस्करी करने वालों के हौसले बुलंद हैं और विरोध करने वालों पर कातिलाना हमला किया जा रहा है। ताजा मामला पंजाबी रसोई रेस्टोरेंट से जुड़ा है। शराब की अवैध बिक्री का विरोध करने पर शराब तस्करों ने उन पर दरांती से हमला कर दिया। बचाव में आए रेस्टोरेंट कर्मचारी को भी …

हल्द्वानी, अमृत विचार। शराब तस्करी करने वालों के हौसले बुलंद हैं और विरोध करने वालों पर कातिलाना हमला किया जा रहा है। ताजा मामला पंजाबी रसोई रेस्टोरेंट से जुड़ा है। शराब की अवैध बिक्री का विरोध करने पर शराब तस्करों ने उन पर दरांती से हमला कर दिया। बचाव में आए रेस्टोरेंट कर्मचारी को भी बुरी तरह लहूलुहान कर दिया और फरार हो गए। दोनों को कुल 41 टांके लगे हैं। इस मामले में कोतवाली पुलिस ने केस दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।

भोटियापड़ाव निवासी चरनजीत सिंह पुत्र स्व. हरबंस सिंह गांधी की नैनीताल रोड पर पंजाबी रसोई के नाम से रेस्टोरेंट हैं। चरनजीत की मानें तो सुभाष नगर में रहने वाले रजत राव, पनेरू और पन्यू मटियानी शराब का अवैध धंधा करते हैं और अकसर दुकान के पास आकर शराब की बिक्री करते हैं।

तमाम बार मना करने के बावजूद उक्त शराब तस्करों ने धंधा बंद नहीं किया और रंजिश मान बैठे। शराब तस्करों ने उन्हें फोन किया, गाली-गलौज की और सुभाषनगर मिलने के लिए बुलाया। साथ ही धमकाया कि अगर नहीं आए तो घर के अंदर घुसकर जान से मार देंगे। उनके कहने पर चरनजीत अपने कर्मचारी दिनेश के साथ शराब तस्करों से मिलने चला गया और आरोपियों ने उन पर दरांती से हमला कर दिया। पहला हमला चरनजीत के सिर और कमर पर किया गया। जबकि बचाव में आए दिनेश की आंख और पीठ पर हमला कर बुरी तरह लहूलुहान कर दिया।

आरोप है कि शराब तस्करों ने उनके गले में पड़ी सोने की चेन भी लूट ली और फरार हो गए। दोनों घायलों को गंभीर अवस्था में इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया। चरनजीत ने बताया कि उनके सिर में चार और कमर में आठ टांके आए हैं। जबकि दिनेश की आंख में 22 और पीठ में सात टांके आए हैं। चरनजीत की तहरीर पर कोतवाली पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।

संबंधित समाचार