लखीमपुर खीरी: जिला अस्पताल में बंद हुआ अल्ट्रासाउंड, महिलाओं को झेलनी पड़ेगी मुसीबत

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

लखीमपुर खीरी, अमृत विचार। अस्पताल के विस्तार को लेकर परिसर के सारे विभागों को मोतीपुर में शिफ्ट कर दिया गया था। लेकिन लोगों की सहूलियत को देखते हुए दो जगहों पर अल्ट्रासाउंड किए जा रहे थे। इधर महिला अस्पताल में भी रेडियोलाजिस्ट का स्थानांतरण होने के चलते यहां पर आने वाली महिलाओं का भी पुरुष …

लखीमपुर खीरी, अमृत विचार। अस्पताल के विस्तार को लेकर परिसर के सारे विभागों को मोतीपुर में शिफ्ट कर दिया गया था। लेकिन लोगों की सहूलियत को देखते हुए दो जगहों पर अल्ट्रासाउंड किए जा रहे थे। इधर महिला अस्पताल में भी रेडियोलाजिस्ट का स्थानांतरण होने के चलते यहां पर आने वाली महिलाओं का भी पुरुष अस्पताल में ही अल्ट्रासाउंड किया जा रहा था। लेकिन कुछ दिनों से मिल रही शिकायतों और स्टाफ की कमी को संज्ञान में लेते हुए सीएमएस ने यह सुविधा रोक दी है। लिहाजा अब शहरवासियों को अल्ट्रासाउंड करवाने के लिए मोतीपुर ही जाना होगा।

बीते कई महीनों से जिला और महिला अस्पताल में आने वाले मरीजों का अल्ट्रासाउंड किया जा रहा था। हर रोज सैकड़ों महिलाओं के साथ-साथ अन्य मरीज इस सुविधा का लाभ उठा रहे थे, लेकिन सोमवार से इस सुविधा पर विराम लगा दिया गया है। इसके पीछे स्टाफ की कमी और अन्य शिकायतें बताई जा रही हैं।

बताया जा रहा है कि पुरुष अस्पताल में दो रेडियोलॉजिस्ट के साथ साथ महिला अस्पताल में भी एक अल्ट्रासाउंड की तैनाती थी। पिछले महीने हुए शासन स्तर के तबादलों के क्रम में महिला और पुरुष अस्पताल से एक एक रेडियोलॉजिस्ट का स्थानांतरण कर दिया गया था जिनके स्थान पर नए स्टाफ की तैनाती नहीं की गई।

ऐसे में महिला अस्पताल में आने वाली गर्भवती महिलाओं के अल्ट्रासाउंड करवाने के लिए सीएमओ ने परमीशन दे दी थी जिसके बाद बड़ी संख्या में महिलाएं पुरुष अस्पताल में इस सुविधा का लाभ उठा रही थी। इधर जिला अस्पताल दो जगह बंट जाने के चलते यहां पर तैनात रेडियोलॉजिस्ट की ड्यूटी मोतीपुर में ही लगा दी गई।

जिसके बाद यहां पर किसी डाक्टर के न होने और वसूली की शिकायतों को देखते हुए सीएमएस डाक्टर हर्षवर्धन ने सोमवार से अल्ट्रासाउंड की सुविधा पर रोक लगा दी है। अब महिलाओं व अन्य मरीजों को अल्ट्रासाउंड करवाने के लिए मोतीपुर ही जाना होगा।

ये भी पढ़ें- लखीमपुर-खीरी: दूसरी महिला के साथ रह रहा था पति, घर पहुंची पत्नी, हुआ हाई वोल्टेज ड्रामा

संबंधित समाचार