प्रयागराज: मकान का छज्जा गिरने से चार की मौत, 10 घायल, सीएम योगी ने जताया शोक

Amrit Vichar Network
Published By Amrit Vichar
On

प्रयागराज। उत्तर प्रदेश में प्रयागराज के मुट्ठीगंज क्षेत्र में मंगलवार को दोपहर एक मकान का जर्जर हालत में अगला हिस्सा (छज्जा) गिरने से उसके मलबे में दबकर चार लोगों की मौत हो गयी और 10 अन्य घायल हो गये। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इस हादसे पर दु:ख व्यक्त करते हुए मृतकों के आश्रितों को चार-चार …

प्रयागराज। उत्तर प्रदेश में प्रयागराज के मुट्ठीगंज क्षेत्र में मंगलवार को दोपहर एक मकान का जर्जर हालत में अगला हिस्सा (छज्जा) गिरने से उसके मलबे में दबकर चार लोगों की मौत हो गयी और 10 अन्य घायल हो गये। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इस हादसे पर दु:ख व्यक्त करते हुए मृतकों के आश्रितों को चार-चार लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की है।

मुख्यमंत्री ने इस हादसे में हुई जनहानि पर गहरा दुःख प्रकट करते हुए दिवंगत लोगों की आत्मशांति की कामना कर शोक संतप्त परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की है। प्रयागराज के पुलिस महानिरीक्षक राकेश कुमार सिंह ने बताया कि मुट्ठीगंज थाना क्षेत्र में हटिया पुलिस चौकी के पास स्थित मकान का छज्जा अचानक भरभरा कर गिर गिया। इसके मलबे में दबकर चार लोगों की मौत हो गयी।

पुलिस ने राहत एवं बचाव कार्य के दाैरान मलबे से दो शवों को पहले ही निकाल लिया था। उन्होंने बताया कि 10 घायलों को स्थानीय स्वरूपरानी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उनका कहना है कि बारिश से बचने के लिए कुछ लोग मकान के छज्जे के नीचे खड़े थे।
मकान काफी पुराना था। उसी समय छज्जा गिर गया।

पुलिस ने मृतकों की पहचान सुशील कुमार गुप्ता (40) राजेन्द्र पटेल (51) और नीरज (32) के रूप में की है। अभी चौथे मृतक की पहचान नहीं हो सकी है। उन्होंने बताया कि पुलिस के साथ राज्य आपदा प्रतिक्रिया बल (एसडीआरएफ) की टीम राहत और बचाव कार्य में जुटी है।

यह भी पढ़ें:-प्रयागराज: गंगा नदी में हुक्का पीने व नॉनवेज खाने पर दो आरोपी गिरफ्तार

संबंधित समाचार