हल्द्वानी: शनि बाजार के बाद अब बुध बाजार भी बंद हुई
हल्द्वानी, अमृत विचार। लाइन नंबर 17 में रेलवे फाटक के पास लंबे समय से बिना अनुमति के साप्ताहिक बुध बाजार का संचालन हो रहा था। सूचना मिलने पर बुधवार को नगर निगम ने साप्ताहिक बाजार को बंद करा दिया है। नोटिस चस्पा करते हुए निगम ने बाजार गेट पर अपना ताला जड़कर पुलिस को पहरे …
हल्द्वानी, अमृत विचार। लाइन नंबर 17 में रेलवे फाटक के पास लंबे समय से बिना अनुमति के साप्ताहिक बुध बाजार का संचालन हो रहा था। सूचना मिलने पर बुधवार को नगर निगम ने साप्ताहिक बाजार को बंद करा दिया है। नोटिस चस्पा करते हुए निगम ने बाजार गेट पर अपना ताला जड़कर पुलिस को पहरे पर लगा दिया है।
सहायक नगर आयुक्त गौरव भसीन ने बताया कि निगम को शिकायत मिल रही थी कि उक्त स्थान पर किसी समिति के माध्यम से प्रत्येक बुधवार को हाट बाजार का संचालन किया जा रहा है। जबकि समिति द्वारा इसकी किसी भी प्रकार की अनुमति निगम से नहीं ली गई थी।
ऐसे में बाजार को अवैध मानते हुए निगम की टीम ने बाजार स्थल पर नोटिस चस्पा कर साप्ताहिक बाजार न लगाने का अनुरोध समिति और व्यापारियों से किया था। इधर, बुधवार को निगम की टीम और बनभूलपुरा पुलिस ने मौके पर पहुंचकर बाजार लगा रहे व्यापारियों को वहां से हटाया और मुख्य गेट पर ताला जड़ दिया। एहतियात के तौर पर देर शाम तक बाजार स्थल और उसके आसपास पुलिस की मौजूदगी भी रही। इस दौरान कर एवं राजस्व अधीक्षक महेश पाठक, छतर सिंह, अमोल असवाल आदि मौजूद रहे।
