US : ‘अपने देश लौट जाओ…’, भारतीय-अमेरिकी सांसद प्रमिला जयपाल को मिले धमकी भरे संदेश

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

वाशिंगटन। भारतीय-अमेरिकी सांसद प्रमिला जयपाल ने बताया कि एक पुरुष ने उन्हें फोन पर आपत्तिजनक और नफरत भरे संदेश भेजे हैं तथा उन्हें भारत लौटने की हिदायत दी है। चेन्नई में जन्मी जयपाल ने बृहस्पतिवार को पांच ऐसे ऑडियो संदेशों को सोशल मीडिया पर साझा किया। इस संदेश के उन हिस्सों को संपादित किया गया …

वाशिंगटन। भारतीय-अमेरिकी सांसद प्रमिला जयपाल ने बताया कि एक पुरुष ने उन्हें फोन पर आपत्तिजनक और नफरत भरे संदेश भेजे हैं तथा उन्हें भारत लौटने की हिदायत दी है। चेन्नई में जन्मी जयपाल ने बृहस्पतिवार को पांच ऐसे ऑडियो संदेशों को सोशल मीडिया पर साझा किया। इस संदेश के उन हिस्सों को संपादित किया गया है, जिनमें अश्लील और अभद्र बातें की गई हैं।  इस संदेश में सुना जा सकता है कि एक पुरुष जयपाल को गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी दे रहा है और उन्हें अपने मूल देश भारत वापस जाने को कह रहा है। जयपाल (55) पहली भारतीय अमेरिकी सांसद हैं, जिन्होंने अमेरिकी प्रतिनिधि सभा में सिएटल का प्रतिनिधित्व किया।

जयपाल ने ट्वीट किया, ‘‘मैंने यहां ऐसा करने (संदेश साझा करने का) का विकल्प चुना, क्योंकि हम हिंसा को हमारे लिए नई आम बात के रूप में स्वीकार नहीं कर सकते। हम उस नस्लवाद और लिंगवाद को भी स्वीकार नहीं कर सकते जो इस हिंसा में अंतर्निहित है और इसे प्रोत्साहित करता है।’’ इससे पहले गर्मियों में सिएटल स्थित सांसद के आवास के बाहर एक व्यक्ति पिस्तौल के साथ नजर आया था। पुलिस ने इस व्यक्ति की पहचान ब्रेट फोरसेल (49) के रूप में की थी, जिसे गिरफ्तार कर लिया गया था।

इससे पहले भी अमेरिका में भारतीय-अमेरिकी समुदाय के खिलाफ घृणा अपराध के इस प्रकार के कई मामले सामने आ चुके हैं। कैलिफोर्निया में एक सितंबर को एक व्यक्ति ने एक भारतीय-अमेरिकी पर नस्लवादी टिप्पणी की थी। टेक्सास में एक मैक्सिकन-अमेरिकी महिला ने चार भारतीय-अमेरिकी महिलाओं के साथ 26 अगस्त को दुर्व्यवहार किया था और उनके खिलाफ नस्लीय टिप्पणियां की थीं।

ये भी पढ़ें: Queen Elizabeth II Death : ब्रिटेन की गद्दी पर बैठे प्रिंस चार्ल्स…यहां जानिए सबकुछ

संबंधित समाचार