बदायूं: विसर्जन करने आए दो युवकों की डूबने से मौत, एक लापता
अमृत विचार, उझानी/बदायूं। गणेश मूर्ति विसर्जन के लिए कछला गंगा घाट आए जिला एटा के दो युवकों की मौत हो गई और एक युवक लापता हो गया। विसर्जन के बाद पांचों युवक गंगा से तकरीबन डेढ़ से दो किलोमीटर दूर चले गए थे। जहां तीन युवक डूब गए। गोताखोरों की मदद से एक युवक को …
अमृत विचार, उझानी/बदायूं। गणेश मूर्ति विसर्जन के लिए कछला गंगा घाट आए जिला एटा के दो युवकों की मौत हो गई और एक युवक लापता हो गया। विसर्जन के बाद पांचों युवक गंगा से तकरीबन डेढ़ से दो किलोमीटर दूर चले गए थे। जहां तीन युवक डूब गए। गोताखोरों की मदद से एक युवक को सकुशल बाहर निकाल लिया गया है जबकि लापता युवक की देर शाम तक तलाश चलती रही लेकिन पता नहीं चल सका। शनिवार को मृतकों का पोस्टमार्टम कराया जाएगा और लापता युवक की तलाश की जाएगी।
जिला एटा के थाना जलेसर क्षेत्र के गांव ठगैना निवासी आशू पुत्र मुकेश, सोनू पुत्र छोटे लाल और खलीफा पुत्र केशव देव और अन्य युवक शुक्रवार को शाम लगभग पांच बजे मूर्ति विसर्जन के लिए बदायूं के कछला स्थित गंगा घाट पर आए थे। सभी लोगों ने मूर्ति विसर्जन किया। जिसके बाद पांचों युवक गंगा स्नान करने के लिए कछला गंगा घाट से थोड़ा आगे बढ़ गए। खेल-खेल में घाट से तकरीबन दो किलोमीटर दूर गांव खजुरारा की ओर चले गए। जहां गंगा स्नान के दौरान गहरे पानी में चले गए।
आशू, सोनू और खलीफा तीनों युवक गंगा में डूब गए। साथ गए दो अन्य युवकों ने शोर मचाना शुरू कर दिया। गंगा किनारे मौजूद गोताखोर और ग्रामीण गंगा में कूद गए। गंगा में तीनों की तलाश की। तकरीबन एक घंटे के बाद शाम को छह बजे आशू और सोनू का शव मिला। शवों को बाहर निकालकर गंगा में खलीफा की तलाश की लेकिन उसका पता नहीं चल सका है। जानकारी होने पर पुलिस मौके पर पहुंच गई। मृतकों के परिजनों को अवगत कराया। शवों को कब्जे में लिया गया है। शनिवार को पोस्टमार्टम की कार्रवाई की जाएगी।
