शंकराचार्य सरस्वती के निधन पर शोक की लहर, पीएम मोदी समेत इन दिग्गज नेताओं ने जताया दुख

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

नई दिल्ली। मध्य प्रदेश के नरसिंहपुर में द्वारकापीठ के शंकराचार्य स्वरूपानंद सरस्वती का रविवार को 99 साल की उम्र में निधन हो गया। इस बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शंकराचार्य स्वामी स्वरूपानंद सरस्वती के निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया है। मोदी ने ट्विटर पर अपने शोक संदेश में कहा कि द्वारका शारदा पीठ के …

नई दिल्ली। मध्य प्रदेश के नरसिंहपुर में द्वारकापीठ के शंकराचार्य स्वरूपानंद सरस्वती का रविवार को 99 साल की उम्र में निधन हो गया। इस बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शंकराचार्य स्वामी स्वरूपानंद सरस्वती के निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया है।

मोदी ने ट्विटर पर अपने शोक संदेश में कहा कि द्वारका शारदा पीठ के शंकराचार्य स्वामी स्वरूपानंद सरस्वती जी के निधन से अत्यंत दुख हुआ है। शोक के इस समय में उनके अनुयायियों के प्रति मेरी संवेदनाएं। ओम शांति। स्वामी स्वरूपानंद जी 99 वर्ष के थे। उन्होंने हाल ही में अपना सौवां जन्मदिन मनाया था। कांग्रेस के नेता दिग्विजय सिंह, कमलनाथ, सुरेश पचौरी आदि उनके शिष्य हैं।

शिवराज सिंह चौहान जताया शोक
मध्यप्रदेश के सीएम शिवराज सिंह चौहान ने ट्वीट कर लिखा, भगवान शंकराचार्य द्वारा स्थापित पश्चिम आम्नाय श्रीशारदापीठ के पूज्य शंकराचार्य स्वामी स्वरूपानंद सरस्वती के प्राणांत की सूचना अत्यंत दुःखद है। पूज्य स्वामी जी सनातन धर्म के शलाका पुरुष एवं सन्यास परम्परा के सूर्य थे। भारतीय ज्ञान परम्परा में आपके अतुलनीय योगदान को अखिल विश्व अनंत वर्षों तक स्मरण रखेगा। पूज्य शंकराचार्य स्वामी स्वरूपानंद सरस्वती जी के चरणों में अनंत श्रद्धा के सुमन अर्पित करता हूं।

प्रियंका गांधी ने जताया शोक
कांग्रेस की नेता प्रियंका गांधी ने ट्वीट कर कहा, जगतगुरु शंकराचार्य स्वामी स्वरूपानंद सरस्वती जी महाराज के महाप्रयाण का समाचार सुनकर मन को भारी दुख पहुंचा। स्वामी जी ने धर्म, अध्यात्म व परमार्थ के लिए अपना पूरा जीवन समर्पित कर दिया। साल 2021 में प्रयागराज में गंगा स्नान के बाद उनका आशीर्वाद प्राप्त कर देश व धर्म की उदारता व सद्भावना पर उनके साथ चर्चा करने का मौका मिला। स्वामी जी ने मेरे पिता के रहते हुए 1990 में हमारी गृहप्रवेश की पूजा कराई थी। ये पूरे समाज के लिए एक अपूर्णीय क्षति है। ईश्वर से प्रार्थना है कि इस कठिन समय में स्वामी जी के अनुयायियों को कष्ट सहने का साहस दें। ॐ शांति!

सुभाष कुमार सजोतिया जताया दुख
कांग्रेस नेता सुभाष कुमार सजोतिया ने ट्वीट कर लिखा, परम् पूज्य ज्योतिष् पीठाधीश्वर एवं द्वारिका शारदा पीठाधीश्वर जगतगुरु शंकराचार्य स्वामी श्री स्वरूपानंद सरस्वती जी महाराज के महाप्रयाण पर विनम्र नमन!

सीएम योगी ने जताया शोक
यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ कहा कि श्री द्वारका-शारदा पीठ व ज्योतिर्मठ पीठ के जगतगुरु शंकराचार्य श्रद्धेय स्वामी श्री स्वरूपानंद सरस्वती जी महाराज का ब्रह्मलीन होना संत समाज की अपूरणीय क्षति है। प्रभु श्री राम दिवंगत पुण्यात्मा को अपने परमधाम में स्थान व शोकाकुल हिंदू समाज को यह दुःख सहने की शक्ति दें।

बीजेपी विधायक ने ट्वीट कर जताया शोक
बीजेपी विधायक दिलीप सिंह परिहार ने ट्वीट कर लिखा, द्वारका एवं ज्योतिर्मठ के शंकराचार्य, जगद्गुरु शंकराचार्य श्री स्वामी स्वरूपानंद सरस्वती जी के देवलोकगमन का समाचार अत्यंत दुःखद हैं। परम पिता परमेश्वर पुण्य आत्मा को अपने श्री चरणों में स्थान दे एवं सभी अनुयायियों को इस दु:ख को सहन करने की शक्ति प्रदान करें।

ज्योतिरादित्य सिंधिया ने शोक जताया
बीजेपी नेता ज्योतिरादित्य सिंधिया ने ट्वीट कर कहा कि परम पूज्य जगद्गुरु शंकराचार्य स्वामी स्वरूपानंद सरस्वती महाराज जी के देवलोक गमन का दुःखद समाचार प्राप्त हुआ है। स्वामी जी द्वारा किए गए कार्यों का सनातन समाज सदैव ऋणी रहेगा। उनके श्रीचरणों में कोटि कोटि वंदन!!

ये भी पढ़ें- शंकराचार्य स्वरूपानंद सरस्वती का निधन, 99 साल की उम्र में ली आखिरी सांस

संबंधित समाचार