बरेली: कलेक्ट्रेट गेट पर स्टैंड भूमि से खोखा हटाने पर हंगामा, अधिवक्ताओं में आक्रोश

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बरेली, अमृत विचार। कलेक्ट्रेट गेट के पास दोपहिया वाहनों को पार्क करने के लिए स्टैंड की भूमि है। उसमें एक महिला अधिवक्ता ने टीन का खोखा रख दिया। रातोंरात स्टैंड की भूमि पर खोखा रखे जाने पर रविवार सुबह प्रशासन और नगर निगम के अधिकारियों में खलबली मच गई। अपर नगर आयुक्त अजीत कुमार सिंह …

बरेली, अमृत विचार। कलेक्ट्रेट गेट के पास दोपहिया वाहनों को पार्क करने के लिए स्टैंड की भूमि है। उसमें एक महिला अधिवक्ता ने टीन का खोखा रख दिया। रातोंरात स्टैंड की भूमि पर खोखा रखे जाने पर रविवार सुबह प्रशासन और नगर निगम के अधिकारियों में खलबली मच गई। अपर नगर आयुक्त अजीत कुमार सिंह के नेतृत्व में जयपाल पटेल निगम की टीम के साथ खोखा हटाने जेसीबी लेकर पहुंच गए। इसकी भनक लगने पर महिला अधिवक्ता भी वहां आ गईं।

इस बीच सूचना पर बार एसोसिएशन के पदाधिकारी भी पहुंच गए। महिला अधिवक्ता ने कार्रवाई का विरोध किया तो नगर निगम टीम के हाथ-पांव फूल गए। हंगामा होने पर कई घंटे तक जेसीबी मौके पर खड़ी रही। कोतवाली इंस्पेक्टर हिमांशु निगम मौके पर पहुंचे। बड़ी संख्या में महिला और पुरुष पुलिस कर्मी भी बुला लिए गए। विरोध की वजह से दोपहर तक खोखा नहीं हटा। बार एसोसिएशन के सचिव समेत अन्य वकीलों और अपर नगर आयुक्त के बीच खोखा को अन्य स्थान पर रखे जाने की बात हुई।

अपर नगर आयुक्त ने कहा कि यह स्टैंड की भूमि सरकारी है। यहां खोखा नहीं रखा जा सकता है। इसे हटाना पड़ेगा। इस पर अन्य जगह खोखा रखने को लेकर जगह भी देखी लेकिन उचित स्थान नहीं मिला। इस झमेले में दोपहर गुजर गया। इसके बाद नगर मजिस्ट्रेट राकेश कुमार गुप्ता आए। उन्होंने खोखा न हटाने पर अपर नगर आयुक्त से नाराजगी जताते हुए तत्काल हटवाने को कहा।

इस पर जेसीबी चालक को बुलाकर खोखा को स्टैंड की भूमि से हटवा दिया। हटाने के दौरान खोखा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। इस कार्रवाई से अधिवक्ताओं में आक्रोश फैल गया। उनका कहना है कि अपर नगर आयुक्त ने खोखा सही सलामत हटाने की बात कही, लेकिन खोखा तोड़कर हटाया गया। प्रशासन ने वादाखिलाफी की है। कार्रवाई के दौरान महिला अधिवक्ता ने निगम के अधिकारियों पर गंभीर आरोप लगाए। खोखा टूटने से महिला अधिवक्ता काफी व्यथित दिखीं। करीब 20 हजार रुपये का नुकसान होने की बात सामने आई।

इस प्रकरण में सोमवार को 3 बजे कार्यकारिणी की बैठक बुलाई है, जो भी नियम अनुसार ठीक होगा, निर्णय लिया जाएगा। अधिवक्ता से भी उनका पक्ष जाना जाएगा। रविवार को प्रशासन ने वादा खिलाफी कीबीपी ध्यानी एडवोकेट, सचिव बरेली बार एसोसिएशन।

नगर मजिस्ट्रेट बोले- आज नजारत से फाइल मंगाकर देखेंगे
नगर मजिस्ट्रेट राकेश कुमार गुप्ता का कहना है कि स्टैंड की भूमि पर खोखा नहीं रखना चाहिए था। सरकारी भूमि है। यहां स्टैंड का ठेका इस बार क्यों नहीं हुआ है। इसके लिए सोमवार को नजारत से स्टैंड के ठेके की फाइल मंगवाएंगे। इसके बाद स्थिति साफ होगी। भूमि सरकारी है। यहां किसी को खोखा रखने की इजाजत नहीं है। अवैध रूप से खोखा रखा था, इसलिए उसे हटवा दिया है।

देर रात निगम ने बोर्ड लगाकर भूमि पर तारवाड़ कराई
कार्रवाई के विरोध में अधिवक्ताओं ने यह कहा कि सोमवार से इसी भूमि पर अधिवक्ता बैठेंगे। इस पर प्रशासन सकते में आ गया। निगम भी सक्रिय हो गया। देर रात नगर निगम की टीम ने भूमि पर नगर निगम की संपत्ति होने का बोर्ड लगा दिया। इसके साथ ही भूमि पर सड़क की ओर से तारवाड़ करा दी। ताकि कोई फिर से उसमें कुछ रखने की हिम्मत न कर सके।

अधिवक्ता को पांच घंटे से ज्यादा समय दिया गया लेकिन वह संबंधित भूमि का कोई कागज नहीं दिखा सकीं। इसके बाद पुलिस और प्रशासन के सहयोग से अतिक्रमण को हटवा दिया गया। उक्त भूमि पर अगर फिर से अतिक्रमण किया गया तो नगर निगम की ओर से कब्जेदारों पर प्राथमिकी दर्ज कराई जाएगीअजीत कुमार सिंह, अपर नगर आयुक्त।

यह भी पढ़ें- बरेली: एथलीट पर होगी कार्रवाई, प्रतियोगिता के लिए आयु में किया था घपला

संबंधित समाचार