नैनीताल: पर्यटक की गाड़ी बहाने से ले गए होटलकर्मी, खाई में गिरी, पांच लोग घायल

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

नैनीताल, अमृत विचार। मल्लीताल स्थित एक होटल के कर्मचारी और गाइड लखनऊ निवासी पर्यटक की गाड़ी पार्क करने के बहाने उसमें घूमने निकल गए। उधर, यह गाड़ी काठगोदाम में खाई में जा गिरी। इस हादसे में जहां पांच लोग घायल हो गए। वहीं, गाड़ी भी बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गई। पर्यटक की शिकायत पर …

नैनीताल, अमृत विचार। मल्लीताल स्थित एक होटल के कर्मचारी और गाइड लखनऊ निवासी पर्यटक की गाड़ी पार्क करने के बहाने उसमें घूमने निकल गए। उधर, यह गाड़ी काठगोदाम में खाई में जा गिरी। इस हादसे में जहां पांच लोग घायल हो गए। वहीं, गाड़ी भी बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गई। पर्यटक की शिकायत पर सात लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है।

पुलिस के अनुसार, निशांतगंज लखनऊ निवासी अर्पित सिंह ने कोतवाली में तहरीर देकर बताया कि सोमवार रात करीब दो बजे वह स्कॉर्पियो से अपने दोस्तों के साथ नैनीताल पहुंचे थे। मल्लीताल क्षेत्र में उन्हें एक गाइड मिला जो उन्हें मल्लीताल के होटल नीलम राज तक लेकर गया। जहां 2200 रुपये में उन्होंने दो कमरे किराये पर ले लिए। जब वह कमरे में जाने लगे तो रिसेप्शन पर मिले कर्मचारी ने उनसे गाड़ी पार्क करने की बात कहकर चाबी ले ली। मंगलवार सुबह रिसेप्शन पर चाबी मांगने पर उन्हें नहीं मिली। कुछ देर बाद उन्हें उनकी गाड़ी काठगोदाम में क्षतिग्रस्त होने की सूचना मिली।

अर्पित सिंह ने बताया कि जब उन्होंने दोस्तों के साथ मौके पर जाकर देखा तो वाहन खाई में पूरी तरह से क्षतिग्रस्त मिला। इस दौरान होटल संचालक और कर्मचारियों ने क्षतिग्रस्त वाहन की भरपाई देते हुए समझौता कर लेने की बात कही। मगर इसके बाद वह वाहन ठीक कराने में आनाकानी करने लगे।

एसएसआई दीपक बिष्ट ने बताया कि तहरीर के आधार पर होटल संचालक हल्द्वानी निवासी क्षैतिज अग्रवाल, नैनीताल निवासी अय्यूब हुसैन, पदमपुरी निवासी दीपक सिंह, पंगोट निवासी ललित बिष्ट, रोहित सिंह, मनोज बिष्ट, अलीगंज लखनऊ निवासी सुनील सिंह के विरुद्ध संबंधित धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। आरोपियों को धारा 41 ए का नोटिस भी जारी किया गया है।

संबंधित समाचार