खटीमा: एक ही परिवार के पांच सदस्य कोरोना पाॅजिटिव
खटीमा, अमृत विचार। खटीमा क्षेत्रांतर्गत खाली महुवट और चंद्रवाटिका में छह लोगों में कोरोना संक्रमण की पुष्टि के बाद प्रशासन ने दोनों क्षेत्रों को सील कर कंटेनमेंट जोन में डाल दिए हैं। खाली महुवट में एक ही परिवार के पांच लोगों और चंद्रवाटिका में एक युवक की कोरोना रिपोर्ट पाॅजिटिव आई है। नतीजतन खाली महुवट …
खटीमा, अमृत विचार। खटीमा क्षेत्रांतर्गत खाली महुवट और चंद्रवाटिका में छह लोगों में कोरोना संक्रमण की पुष्टि के बाद प्रशासन ने दोनों क्षेत्रों को सील कर कंटेनमेंट जोन में डाल दिए हैं। खाली महुवट में एक ही परिवार के पांच लोगों और चंद्रवाटिका में एक युवक की कोरोना रिपोर्ट पाॅजिटिव आई है। नतीजतन खाली महुवट में दस और चंद्रवाटिका में तीन-चार परिवारों के घर से बाहर निकलने पर प्रतिबंध लगा दिया गया है।
सीमावर्ती खटीमा क्षेत्र में कोरोना का संक्रमण तेजी से पैर पसारने लगा है। यहां बाहरी राज्यों से आ रहे अधिकतर लोगों की कोरोना रिपोर्ट पाॅजिटिव आ रही है। गुरूवार को खाली महुवट गांव में एक ही परिवार के पांच सदस्यों की कोरोना रिपोर्ट पाॅजिटिव आई।
यह परिवार 29 जून को नोएडा से आया था। परिवार में बुजुर्ग माता-पिता, दो लड़के और एक बहू शामिल है। दोनों लड़कों को जनजाति आईटीआई नदन्ना में क्वारंटीन किया गया था, जबकि बुजुर्ग माता-पिता और बहू को होम क्वारंटीन किया गया था। इन पांचों की कोरोना रिपोर्ट पाॅजिटिव आने पर प्रशासन में हड़कंप मच गया।
सूचना मिलते ही एसडीएम निर्मला बिष्ट, नागरिक अस्पताल के नोडल अधिकारी डॉ.वीपी सिंह एवं झनकइया थाना प्रभारी अरविंद चौधरी ने गांव का दौरा किया और गांव को कंटेनमेंट जोन में डालते हुए आसपास के दस परिवारों के घर से बाहर निकलने पर प्रतिबंध लगा दिया।
नागरिक अस्पताल के नोडल अधिकारी डॉ.वीपी सिंह ने बताया कि बाहरी राज्यों से आए 30 लोगों के 29 जून को सैंपल लेकर जांच के लिए भेजे गए थे, जिसमें से गुरुवार को 25 लोगों की रिपोर्ट निगेटिव आई है, जबकि पांच की रिपोर्ट पाॅजिटिव है। उन्होंने बताया कि खाली महुवट गांव में कोरोना पाॅजिटिव पाए गए। एक ही परिवार के सभी पांचों सदस्यों को रुद्रपुर जिला अस्पताल पहुंचा दिया गया है, साथ ही इनके आसपास रहने वाले दस परिवारों के सैंपल लेकर जांच के लिए भेज दिए हैं।
वहीं, बुधवार देर शाम खटीमा के चंद्रवाटिका इलाके में भी एक युवक में कोरोना संक्रमण की पुष्टि हुई है। जिसे रात में ही घर से उठाकर रुद्रपुर जिला अस्पताल पहुंचा दिया गया। साथ ही उसकी ट्रेवल हिस्ट्री को देखते हुए चंद्रवाटिका इलाके के छोटे एरिये में कंटेनमेंट जोन बना दिया गया है। नोडल अधिकारी डॉ.वीपी सिंह ने बताया कि युवक के घर के आसपास रहने वाले तीन-चार परिवारों के ही घर से बाहर निकलने पर प्रतिबंध है।
खटीमा क्षेत्र में चार कंटेनमेंट जोन बने
सीमावर्ती खटीमा क्षेत्र में कोरोना संक्रमण का खतरा लगातार बढ़ता जा रहा है। इस कारण क्षेत्र में कंटेनमेंट जोनों की संख्या भी बढ़ती जा रही है। खटीमा के लोहियाहेड रोड एवं चकरपुर के पचौरिया के बाद अब खाली महुवट गांव और चंद्रवाटिका को कंटेनमेंट जोन बनाया गया है।
