बिहार में आसमानी आफत का कहर, 29 लोगों की मौत
पटना। बिहार में गुरुवार को आकाशीय बिजली कहर बनकर गिरी, जिससे अलग-अलग जिलों में 29 लोगों की मौत हो गयी। समस्तीपुर में आठ, पटना में छह, पूर्वी चंपारण में चार ,कटिहार तथा शिवहर में तीन-तीन, मधेपुरा में दो, जमुई, पश्चिम चंपारण और पूर्णिया में एक-एक व्यक्ति की वज्रपात से मौत हुयी है। समस्तीपुर से यहां …
पटना। बिहार में गुरुवार को आकाशीय बिजली कहर बनकर गिरी, जिससे अलग-अलग जिलों में 29 लोगों की मौत हो गयी। समस्तीपुर में आठ, पटना में छह, पूर्वी चंपारण में चार ,कटिहार तथा शिवहर में तीन-तीन, मधेपुरा में दो, जमुई, पश्चिम चंपारण और पूर्णिया में एक-एक व्यक्ति की वज्रपात से मौत हुयी है।
समस्तीपुर से यहां प्राप्त जानकारी के अनुसार, जिले के विभूतिपुर थाना क्षेत्र के पुरूषोत्तमपुर गांव मे वज्रपात की घटना में 12 वर्षीय राजन कुमार एवं 35 वर्षीय मजदूर सन्नी चौधरी की मौत हो गयी। वहीं रोसड़ा थाना क्षेत्र के बटहा गांव मे आकाशीय बिजली गिरने से दीपक कुमार (12), सोनू कुमार (09) एवं रूदल पासवान, मुसरीघरारी थाना क्षेत्र के लाटबसेपुरा गांव मे अंकित कुमार (02) ,मुफस्सिल थाना क्षेत्र के भूईधारा गांव में सुरेश महतो (32) और पूसा थाना क्षेत्र के मोरसंड गांव में राम प्रताप महतो (77) की भी मौत हो गयी।
पटना के दुल्हिनबाजार थाना क्षेत्र में वज्रपात की घटना में सरकुना गांव में झुनझुन यादव (59) और मुकेश यादव (29), जीआईडी गांव में रानी देवी (21) और सुलोचना देवी (55) ,सोरमपुर गांव में नीतु कुमारी (15) की भी मौत हो गयी। पटना जिले में एक अन्य की भी वज्रपात की घटना में मौत हुयी है।
बेतिया से यहां प्राप्त जानकारी के अनुसार, पश्चिम चंपारण जिले के मानपुर थाना क्षेत्र के डमरापुर गांव निवासी लालबाबू यादव भैस चराने के लिये खेत मे गया था तभी तेज बारिश के साथ वज्रपात की घटना हुयी। इस घटना में लालबाबू की मौके पर ही झुलसकर मौत हो गयी। जमुई से मिली सूचना के अनुसार, जिले के खैरा थाना क्षेत्र के कोडवादीह गांव बसंत कुमार तांती (29) अपने घर के बगल में खेत में काम कर रहा था। इस दौरान अचानक वज्रपात होने से उसकी मौके पर ही मौत हो गयी।
वहीं जिले के गिद्धौर थाना क्षेत्र के उपरी सेवा गांव में वज्रपात की घटना में एक ही परिवार की चार महिला घायल हो गयी। घायल महिलाओं को दिग्विजय सिंह सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र गिद्धौर लाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें बेहतर इलाज के लिए जमुई सदर अस्पताल रेफर कर दिया गया। मधेपुरा से प्राप्त रिपोर्ट के अनुसार जिले में वज्रपात की घटना में दो लोगो की मौत हो गयी। वहीं पूर्णिया जिले में भी वज्रपात की घटना में एक व्यक्ति की मौत की सूचना मिली है।
