बरेली: विश्वविद्यालय में 20 जुलाई तक होंगे एडमिशन के पंजीकरण

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बरेली,अमृत विचार। महात्मा ज्योतिबा फुले (एमजेपी) रुहेलखंड विश्वविद्यालय ने स्नातक और परास्नातक कक्षाओं में प्रवेश पंजीकरण की अंतिम तिथि 20 जुलाई तय कर दी है। बरेली-मुरादाबाद मंडल के 548 महाविद्यालयों में एडमिशन के लिए अब तक बमुश्किल 44 हजार अभ्यर्थियों ने ही पंजीकरण कराया है। पंजीकरण की इस सुस्ती से रुविवि के अधिकारी ही नहीं …

बरेली,अमृत विचार। महात्मा ज्योतिबा फुले (एमजेपी) रुहेलखंड विश्वविद्यालय ने स्नातक और परास्नातक कक्षाओं में प्रवेश पंजीकरण की अंतिम तिथि 20 जुलाई तय कर दी है। बरेली-मुरादाबाद मंडल के 548 महाविद्यालयों में एडमिशन के लिए अब तक बमुश्किल 44 हजार अभ्यर्थियों ने ही पंजीकरण कराया है। पंजीकरण की इस सुस्ती से रुविवि के अधिकारी ही नहीं बल्कि एडेड-निजी महाविद्यालय प्रबंधन भी बेचैन है। इसलिए क्योंकि प्रवेश की संख्या घटने पर संस्थानों के सामने वित्तीय संकट गहराएगा।

यूपी बोर्ड परीक्षा में बरेली-मुरादाबाद मंडल के 2,16,077 विद्यार्थियों ने सफलता पाई है। सीबीएसई और आइसीएसई बोर्ड का परिणाम आना बाकी है। रुविवि प्रशासन और संबद्ध महाविद्यालय दोनों पंजीकरण की गति बढ़ाने के प्रयास में जुटे हैं। यह कसरत यूं ही नहीं है, बल्कि प्रोफेसरों की उस आशंका पर है कि महामारी की परिस्थितियों में 15 प्रतिशत तक प्रवेश घट सकते हैं।

सत्र शून्य होने की चर्चाएं
अगस्त में संक्रमण का स्तर बढ़ने की संभावनाओं के बीच प्रोफेसर आगामी शैक्षिक सत्र 2020-21 शून्य होने की आशंका जताने लगे हैं। एक अधिकारी बताते हैं कि शीर्ष शिक्षण संस्थानों की प्रवेश परीक्षाएं लंबित हैं। दूसरा-अगस्त में संक्रमण बढ़ सकता है। इस स्थिति में कब प्रवेश होंगे और पढ़ाई कैसे शुरू होगी। यह सभी परिस्थितियां सत्र शून्य होने का संकेत देती हैं। सत्र शून्य होने की स्थिति में वह बताते हैं कि वर्तमान सत्र के छात्र अपनी पूर्ववर्ती कक्षा में ही पंजीकृत रहेंगे।

इन कक्षाओं में प्रवेश के लिए पंजीकरण
बीए, बीएससी, बीकॉम, बीबीए, बीएसीए, एलएलबी, बीलिब, एमलिब, बीकॉम-बीएससी ऑनर्स, एमए, एमकॉम व डिप्लोमा कोर्स के लिए रुविवि की वेबसाइट पर पंजीकरण हो रहे हैं। संबद्ध कॉलेजों में प्रवेश लेने के लिए पहले विवि में पंजीकरण कराना होता है। इसका शुल्क 100 रुपये है। पंजीकृत अभ्यर्थी कॉलेजों में प्रवेश के लिए आवेदन करेंगे।

“प्रवेश पंजीकरण की अंतिम तिथि 20 जुलाई है। बरेली-मुरादाबाद मंडल के महाविद्यालयों में प्रवेश के इच्छुक अभ्यर्थी इस अंतराल में पंजीकरण जरूर करा लें। बिना पंजीकरण के प्रवेश नहीं मिलेगा।” -प्रोफेसर एसके पांडेय, प्रवेश समन्वयक, एमजेपी रुहेलखंड विश्वविद्यालय

संबंधित समाचार