रुद्रपुर: बच्चा चोरी की अफवाह फैलाकर मारपीट करने के दो आरोपी गिरफ्तार

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

रुद्रपुर अमृत विचार। 18 सितंबर को रामलीला में नाच-गाने का कार्यक्रम कर लौट रहे कलाकारों को बच्चा चोर गिरोह का सदस्य बताकर अफवाह फैलाने वाले और मारपीट करने के दो आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर मामले का खुलासा कर दिया है। गुरुवार को प्रकरण का खुलासा करते हुए सीओ सदर आशीष भारद्वाज ने बताया …

रुद्रपुर अमृत विचार। 18 सितंबर को रामलीला में नाच-गाने का कार्यक्रम कर लौट रहे कलाकारों को बच्चा चोर गिरोह का सदस्य बताकर अफवाह फैलाने वाले और मारपीट करने के दो आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर मामले का खुलासा कर दिया है।

गुरुवार को प्रकरण का खुलासा करते हुए सीओ सदर आशीष भारद्वाज ने बताया कि 18 सितंबर को सोनू निवासी हनुमान मंदिर के समीप सुभाष नेताजी थाना ट्रांजिट कैंप अपने साथियों के साथ रामलीला में नाच-गाने का कार्यक्रम कर लौट रहे थे कि देर शाम जैसे ही वह खेड़ा बस्ती स्थित एक पार्क के पास से गुजरे तो वहां खड़े कुछ युवकों ने बच्चा चोर गिरोह आने का आरोप लगाते हुए अफवाह फैलानी शुरू कर दी।

झूठी अफवाह को सुनकर मौके पर भीड़ इकठ्ठा हो गई और कलाकारों से मारपीट शुरू कर दी। सोनू ने 19 सितंबर को कोतवाली पुलिस को आपबीती बताते हुए मामले में रिपोर्ट दर्ज करवाई। जिस पर पुलिस ने गुलाम अनवर उर्फ अन्नू निवासी खेड़ा बस्ती और जावेद निवासी रेश्मवाड़ी सहित 40 से 50 अज्ञात लोगों के विरुद्ध झूठी अफवाह फैलाकर समाज में भय स्थापित करने व मॉब लिंचिंग जैसी गंभीर घटनाओं को बढ़ावा देने के कृत्य के तहत रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी थी।

मामले की मॉनिटरिंग कर रहे सीओ भारद्वाज और कोतवाल विक्रम राठौर ने दोनों आरोपियों को वार्ड से गिरफ्तार कोर्ट में पेश किया है। सीओ सदर भारद्वाज ने बताया कि अज्ञात लोगों को चिह्नित करने का प्रयास किया जा रहा है। जल्द ही शेष आरोपियों को भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा। उन्होंने कहा कि इस प्रकार की घटनाओं की रोकथाम के लिए पुलिस कठोर कार्रवाई करेगी और समाज को भयभीत करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा।

संबंधित समाचार