हल्द्वानी: भारतीय संगीत के पुरोधा पंडित विष्णु नारायण भातखंडे को ‘संगीतांजलि 2022’ से दी श्रद्धांजलि

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

हल्द्वानी, अमृत विचार। भारतीय संगीत के पुरोधा पंडित विष्णु नारायण भातखण्डे के सम्मान में स्वर संगम संगीत संस्थान हीरानगर में “संगीतांजलि-2022″का आयोजन किया गया। स्वर संगम प्रांगण में आयोजित कार्यक्रम में आचार्य हरीश चन्द्र पंत, डा. मुकेश चंद्र पंत, विनीता पांडे, पंडित चन्द्र शेखर तिवारी और मीरा पंत के निर्देशन में स्वर संगम के कलाकारों …

हल्द्वानी, अमृत विचार। भारतीय संगीत के पुरोधा पंडित विष्णु नारायण भातखण्डे के सम्मान में स्वर संगम संगीत संस्थान हीरानगर में “संगीतांजलि-2022″का आयोजन किया गया। स्वर संगम प्रांगण में आयोजित कार्यक्रम में आचार्य हरीश चन्द्र पंत, डा. मुकेश चंद्र पंत, विनीता पांडे, पंडित चन्द्र शेखर तिवारी और मीरा पंत के निर्देशन में स्वर संगम के कलाकारों द्वारा शास्त्रीय गायन, वायलिन, बांसुरी, युगल गायन व युगल तबला वादन की प्रस्तुतियों से श्रद्धांजलि अर्पित की। मुख्य अतिथि उत्तराखंड उद्योग व्यापार मंडल एवं संगीत संकल्प हल्द्वानी के अध्यक्ष नवीन चन्द्र वर्मा रहे।

संगीतांजलि-2022 में प्रस्तुति देते कलाकार।

कु. दीर्घा जोशी ने राग भूपाली के गायन से कार्यक्रम का शुभारंभ किया। उभरते वायलिन वादक विशेष तिवारी, बांसुरी वादिका आहना सचदेव तथा युवा गायिका कशिश पांडे ने द्वार राग यमन में कर्णप्रिय रचनायें प्रस्तुत की। कुमारी पूर्वी, ईशानी, रिद्धिमा व मास्टर नवल ने समवेत स्वरों में राग देश प्रस्तुत किया जिसमें वायलिन में सिद्धि पंत द्वारा संगत दी।

सीसीआरटी छात्रवृति प्राप्त स्वर संगम के पूर्व छात्र वायलिन वादक अखिल पंत ने राग पूरियाधनाश्री में दो राग रचनाओं से समां बांध दिया। कुमारी प्रियल, कविता, व संदीप कौर ने राग गौड़ सारंग व प्रभु नारायण ने राग खमाज की प्रस्तुति दी। बांसुरी वादक वरुण चंदोला ने राग भूपाली तथा देवेश व प्रियांश ने युगल गायन के अन्तर्गत राग मियां मल्हार की प्रस्तुति दी। उभरते तबलावादक चंन्द्रादित्य व युग जोशी ने युगल तबला वादन में तीन ताल की प्रभावशाली प्रस्तुति दी। राग गौड़ मल्हार की प्रसिद्ध राग रचना “गरजत-बरसत भीजत आईलो” युवा गायक जयंत मेलकानी द्वारा की गई। संगीतांजलि-2022 का समापन राष्ट्रीय युवा छात्रवृति प्राप्त तबला वादक लोकेश जोशी व प्रसिद्ध तबलावादक रणविजय सिंह के एकताल में युगल तबला वादन से सम्पन्न हुआ।

संगीतांजलि-2022 के आयोजन के अवसर पर स्वर संगम के पूर्व संरक्षक पदाधिकारी स्व. नवीन चन्द्र पंत, स्व. आरपी जोशी, स्व. आरएस शारदा, स्व. केसी तिवारी और स्व. पीसी तिवारी को भावभीनी श्रद्धांजलि दी गई। इस अवसर अभिभावक, कलाकार ,पदाधिकारी व संगीत प्रेमी उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन कर रहे वीणा वादक पंडित दिनेश चन्द्र पंत ने किया।

संबंधित समाचार