नानकमत्ता: बोले मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, वह सिख ही है जो धरती का सीना चीरकर सोना उगा लेता है
नानकमत्ता, अमृत विचार। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने रविवार को श्री नानकमत्ता साहिब पहुंचकर मत्था टेका। मुख्यमंत्री ने कहा कि सिख पंथ से ही मानवता की सेवा आई है। बाबा हरबंश सिंह, बाबा टहल सिंह और बाबा फौजा सिंह ने डेरा कार सेवा में रहकर अपना पूरा जीवन लोगों की सेवा में लगा दिया। तराई …
नानकमत्ता, अमृत विचार। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने रविवार को श्री नानकमत्ता साहिब पहुंचकर मत्था टेका। मुख्यमंत्री ने कहा कि सिख पंथ से ही मानवता की सेवा आई है। बाबा हरबंश सिंह, बाबा टहल सिंह और बाबा फौजा सिंह ने डेरा कार सेवा में रहकर अपना पूरा जीवन लोगों की सेवा में लगा दिया। तराई को बसाने में भी सिख धर्म की ही बड़ी भूमिका है। वह सिख ही है जो धरती का सीना चीरकर सोना उगा लेता है।
सीएम ने कहा कि सिख पंथ को गुरुनानक देव जी ने आगे बढ़ाने का काम किया। गुरु गोविंद सिंह और गुरु तेग बहादुर को भी उन्होंने याद करते हुए कहा कि गुरु तेग बहादुर धर्म की रक्षा के लिये चट्टान की तरह खड़े रहे और कुर्बानी दे दी। मुख्यमंत्री धामी ने इस अवसर पर अखंड पाठ साहिब के भोग में शिरकत करते हुए नानकमत्ता शहर के लिए कई घोषणाएं कीं। रागी जत्थों ने शबद कीर्तन कर निहाल किया। मुख्यमंत्री ने संगत के साथ शबद कीर्तन को सुना।
राज्य में विकसित हो रही नई कार्य संस्कृति
सीएम धामी ने कहा कि सरलीकरण, समाधान, निस्तारण के मंत्र को आत्मसात करते हुए सरकार चल रही है। राज्य में नई कार्य संस्कृति विकसित हो रही है, जिससे जरूरतमंदों के काम बिना किसी सिफारिश के स्वतः ही होते चले जाएं। राज्य में भ्रष्टाचार को जड़ से समाप्त करने के लिए 1064 नंबर लांच किया गया है। यदि कोई भी व्यक्ति रिश्वत, घूस की मांग करता है तो 1064 नंबर पर शिकायत दर्ज करा सकते हैं। शिकायतकर्ता का नाम गोपनीय रखा जाएगा।
उन्होंने कहा कि कई सारे रिश्वतखोरों एवं भ्रष्टाचारियों को सलाखों के पीछे भेजा जा चुका है। मुख्यमंत्री ने कहा कि कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कश्मीर से अनुच्छेद 370 हटाकर एक राष्ट्र, एक विधान, एक निशान को लागू किया है। राज्य में समान नागरिक संहिता लागू करने के लिए पूर्व जज रंजना प्रकाश देसाई की अध्यक्षता में कमेटी ड्राफ्ट बनाने का काम कर रही है। ड्राफ्ट पूरा हो जाने पर उत्तराखंड समान नागरिक संहिता लागू करने वाला देश का पहला राज्य होगा। राज्य जब 25 वर्ष पूर्ण कर रहा होगा तब राज्य देश के अग्रणी राज्यों में शामिल होगा।
इस अवसर पर गुरुद्वारा प्रबंधन कमेटी अध्यक्ष हरबंश चुघ, महासचिव अमरजीत सिंह, भजन सिंह, राजपाल सिंह, चरणजीत सिंह, पूर्व विधायक डॉ. प्रेम सिंह राणा, राजपाल सिंह, वरुण अग्रवाल, उमेश अग्रवाल, केडी गहतोड़ी, ओम नारायण राणा, रीठा साहिब के बाबा श्याम सिंह, बाबा गुरजंट सिंह, जत्थेदार बाबा तरसेम सिंह, किसान अयोग के उपाध्यक्ष राजपाल सिंह, सुखदेव सिंह, पलविन्दर सिंह, दिलबाग सिंह, दहारा सिंह के साथ ही दिल्ली, पंजाब, लखीमपुर, बरेली से आई संगत भी मौजूद रही।
