विश्व कप में अच्छा प्रदर्शन करने को बेताब हूं : गुरजंत सिंह

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बेंगलुरु। बर्मिंघम 2022 राष्ट्रमंडल खेलों में रजत पदक जीतने वाली भारतीय पुरुष हॉकी टीम के फॉरवर्ड गुरजंत सिंह ने कहा है कि वह अपने खेल में सुधार करने और आगामी विश्व कप में बड़ा प्रभाव डालने के लिए तत्पर हैं। हॉकी इंडिया ने सोमवार को गुरजंत के हवाले से कहा, “मुझे खुशी है कि मैं …

बेंगलुरु। बर्मिंघम 2022 राष्ट्रमंडल खेलों में रजत पदक जीतने वाली भारतीय पुरुष हॉकी टीम के फॉरवर्ड गुरजंत सिंह ने कहा है कि वह अपने खेल में सुधार करने और आगामी विश्व कप में बड़ा प्रभाव डालने के लिए तत्पर हैं। हॉकी इंडिया ने सोमवार को गुरजंत के हवाले से कहा, “मुझे खुशी है कि मैं राष्ट्रमंडल खेलों में रजत पदक विजेता टीम का हिस्सा था। ओलंपिक और राष्ट्रमंडल खेलों का पदक विजेता होना मेरे लिए बहुत बड़ा सम्मान है। मैंने उन बिंदुओं पर ध्यान दिया है जिन पर मुझे सुधार करने की जरूरत है। मैं एफआईएच ओडिशा हॉकी पुरुष विश्व कप 2023 भुवनेश्वर-राउरकेला जैसे आयोजनों में और भी बड़ा प्रभाव डालने के लिए तत्पर हूं।”

भारत के 27 वर्षीय फॉरवर्ड ने कहा कि उन्हें एफआईएच ओडिशा हॉकी पुरुष विश्व कप 2023 भुवनेश्वर-राउरकेला में घरेलू दर्शकों के सामने खेलने का मौका मिलने की उम्मीद है। उन्होंने कहा, “विश्व कप में खेलना हर हॉकी खिलाड़ी का सपना होता है। मुझे वास्तव में उम्मीद है कि मुझे हमारे घरेलू मैदान पर टूर्नामेंट खेलने का मौका दिया जाएगा। ओडिशा में हमेशा (हॉकी को लेकर) धूमधाम होती है और मुझे यकीन है कि प्रशंसकों का समर्थन हमें अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने के लिए प्रेरित करेगा।”

गुरजंत ने भारतीय टीम की वर्तमान योजनाओं पर कहा, “हम एफआईएच हॉकी प्रो लीग 2022-23 में अच्छा प्रदर्शन करने के लिए बहुत मेहनत कर रहे हैं। वहां अच्छा प्रदर्शन करने से हमें एफआईएच ओडिशा हॉकी पुरुष विश्व कप 2023 भुवनेश्वर-राउरकेला के लिये आत्मविश्वास मिलेगा। हम चुनौती की प्रतीक्षा कर रहे हैं और एक टीम के रूप में बेहतर होने के लिए दृढ़ हैं।”

ये भी पढ़ें : IND Vs AUS : गेंदबाजों के बचाव में उतरे रोहित शर्मा, जानिए क्या कहा?

संबंधित समाचार