रामपुर: पूर्व मंत्री आजम खां और अब्दुल्लाह का फरार होना महज अफवाह: डा. तजीन
रामपुर, अमृत विचार। पूर्व मंत्री आजम खां की पत्नी डा. तजीन फातिमा ने कहा कि यह अफवाह है कि मोहम्मद आजम खां और उनके बेटे अब्दुल्लाह आजम खां फरार हैं और उन्होंने सुरक्षा वापस कर दी है, यह पूरी तरह गलत है। कहा कि उन्हें मीडिया के माध्यम से पता चला कि उनके नाम का लुक …
रामपुर, अमृत विचार। पूर्व मंत्री आजम खां की पत्नी डा. तजीन फातिमा ने कहा कि यह अफवाह है कि मोहम्मद आजम खां और उनके बेटे अब्दुल्लाह आजम खां फरार हैं और उन्होंने सुरक्षा वापस कर दी है, यह पूरी तरह गलत है। कहा कि उन्हें मीडिया के माध्यम से पता चला कि उनके नाम का लुक आउट नोटिस जारी हो रहा है। जबकि, आजम खां सर गंगाराम अस्पताल दिल्ली में इलाज करा रहे हैं और बेटा अब्दुल्लाह उनकी तीमारदारी कर रहा है।
पूर्व मंत्री आजम खां की पत्नी डा. तजीन फातिमा ने मंगलवार की शाम कहा कि मेरे पति मोहम्मद आजम खां की नौ सितंबर को दिल्ली के सर गंगाराम अस्पताल में एनजियोग्राफी हुई थी। जिसमें यह पता चला था कि आजम खां के दिल की नसें 90 प्रतिशत तक ब्लॉक हैं और बाकी नसों में भी ब्लॉकेज है। दिल्ली के सर गंगाराम अस्पताल में 13 सितंबर को उनको स्टेंट पड़ा है।
स्टेंट पड़ने के बाद आजम खां को अस्पताल से 15 सितंबर को डिस्चार्ज कर दिया गया। इसके बाद सीने में दर्द होने पर 22 सितंबर को दोबारा सर गंगाराम में भर्ती कराया गया और वहीं उनका इलाज हो रहा है और बेटा अब्दुल्लाह आजम खां भी अपने पिता की तीमारदारी की वजह से अस्पताल में है।
कहा कि मेरे पति इस समय गंभीर शारीरिक और मानसिक बीमारियों से ग्रसित हैं और किसी भी प्रकार का दबाव सहन करने की स्थिति में नहीं हैं यदि किसी विवेचना में उनकी कोई जरूरत है तो वह स्वस्थ्य होने के बाद उसमें पूर्ण रूप से सहयोग देंगे। आजम खां कानून का पालन करने वाले, न्याय पसंद इंसान हैं उनकी इन बीमारियों और अस्पताल में दाखिल होने की सूचना संबंधित न्यायालय को उपलब्ध करा दी गई है।
ये भी पढ़ें – रामपुर: आजम के भड़काऊ भाषण मामले में कल फिर होगी सुनवाई
