हल्द्वानी: पहले ही दिन अनियमित मिले होटल, 12 के काटे चालान

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

हल्द्वानी, अमृत विचार। शहर में होटल और होम स्टे के खिलाफ पुलिस व अन्य विभाग की संयुक्त टीमों ने अभियान छेड़ दिया है। अभियान के पहले ही दिन तमाम होटल अनियमित पाए गए और सभी का चालान किया गया। सीओ सिटी भूपेंद्र सिंह धौनी के साथ निकले तहसीलदार व अन्य विभाग के अधिकारियों ने रोडवेज …

हल्द्वानी, अमृत विचार। शहर में होटल और होम स्टे के खिलाफ पुलिस व अन्य विभाग की संयुक्त टीमों ने अभियान छेड़ दिया है। अभियान के पहले ही दिन तमाम होटल अनियमित पाए गए और सभी का चालान किया गया।

सीओ सिटी भूपेंद्र सिंह धौनी के साथ निकले तहसीलदार व अन्य विभाग के अधिकारियों ने रोडवेज के पीछे से चेकिंग अभियान की शुरुआत की और पड़ताल के दौरान पहले ही होटल में खामी सामने आ गई। सिटी हार्ट होटल में चेकिंग के दौरान पता लगा कि होटल पिछले कई सालों से पर्यटन विभाग की एनओसी के बगैर ही चल रहा था, जिस पर होटल पर 10 हजार का जुर्माना ठोंका गया।

इसके बाद टीम ने रेलवे बाजार में श्याम होटल, सिंह होटल, अम्बिका होटल, जगदीश होटल, यात्री होटल, ज्योति होटल, एसके होटल, रोडवेज स्टेशन के पास अलंकार होटल, चन्द्रिका होटल और रेलवे स्टेशन के पास अलीशा होटल व शार्दुल होटल में जांच की और इन सभी में अनियमितता पाई गई। जिसके कुल 12 होटलों पर 10-10 हजार रुपए के कोर्ट के चालान किए पाए जाने पर चालान किए गए।

इस दौरान सीओ सिटी भूपेंद्र सिंह धौनी, कोतवाल हरेन्द्र चौधरी, बनभूलपुरा थानाध्यक्ष नीरज भाकुनी, भोटियापड़ाव चौकी प्रभारी प्रकाश पोखरिया, एसआई महेन्द्र प्रसाद, पर्यटन विभाग से बलवन्त कपकोटी, तहसीलदार संजय कुमार, खाद्य विभाग व नगर निगम की टीम भी मौजूद थी।

विभाग किसी को नहीं देगा नई एनओसी
पूरी कार्रवाई के दौरान खामियां पाए जाने पर होटल वाले संयुक्त टीम के सामने गिड़गिड़ाते नजर आए। यह कहते सुनाई दिए कि उन्हें मोहलत दी जाए और जो भी कागजी कमी है वो उसे पूरा करा लेंगे, लेकिन होटल वालों के एक भी पैंतरे नहीं चले। इस पर सीओ सिटी भूपेंद्र सिंह धौनी ने बताया कि अब किसी भी होटल को पर्यटन विभाग या अन्य विभाग नई एनओसी जारी नहीं करेंगे।

शहर में कहीं भी रैंडम चेकिंग करेगी टीम
सीओ सिटी भूपेंद्र सिंह धौनी ने बताया कि गुरुवार 29 सितंबर से संयुक्त टीम ने चेकिंग अभियान शुरू कर दिया है। पहले दिन ही होटलों में खामियां सामने आईं। चेकिंग अभियान निरंतर जारी रहेगी और टीम शहर में कहीं भी कभी भी रैंडम चेकिंग करेगी। होटल के साथ शहर में मौजूद होम स्टे भी चेक किए जा रहे हैं। हालांकि अभी रेस्टोरेंट चेकिंग के दायरे में नहीं हैं।

संबंधित समाचार