सरोवर नगरी में भिक्षुकों व मानसिक विकृति के लोगों की संख्या में लगातार बढ़ोतरी…कोई कार्रवाई नहीं…

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

नैनीताल, अमृत विचार। बीते एक साल से सरोवर नगरी में भिक्षुकों व मानसिक विकृति के लोगों की संख्या में लगातार बढ़ोतरी हो रही है। नंदा देवी महोत्सव के बाद से बाहरी राज्यों और शहरों से आये लोग भिक्षुक बनकर घूम रहे हैं। ऐसे लोग पर्यटकों व स्थानीय लोगों से पैसे मांगते हुए अभद्रता तक कर …

नैनीताल, अमृत विचार। बीते एक साल से सरोवर नगरी में भिक्षुकों व मानसिक विकृति के लोगों की संख्या में लगातार बढ़ोतरी हो रही है। नंदा देवी महोत्सव के बाद से बाहरी राज्यों और शहरों से आये लोग भिक्षुक बनकर घूम रहे हैं। ऐसे लोग पर्यटकों व स्थानीय लोगों से पैसे मांगते हुए अभद्रता तक कर रहे हैं। इनमें कई संदिग्ध हैं। ज्यादातर लोग बच्चों से भी भीख मंगवा रहे हैं।

स्थानीय लोगों द्वारा कई बार शिकायत करने के बाद भी पुलिस न तो इनका सत्यापन कर पाई है, न ही इनकी कोई जानकारी पुलिस के पास है। मालूम हो कि हाल ही में पुलिस ने ‘ऑपरेशन मुक्ति: भिक्षा नहीं, शिक्षा दो’ के तहत व्यापक अभियान की शुरुआत की थी। लेकिन नैनीताल में आपको ऐसी कई तस्वीर देखने को मिल जाएंगी, जो अलग ही कहानी बयां कर रही है। नंदा देवी महोत्सव के बाद से अचानक बाहरी राज्यों और क्षेत्रों से आए भिखारियों की संख्या बढ़ गई है।

पुलिस द्वारा न तो इनका सत्यापन किया गया है न ही कोई कार्रवाई। मासूमों से खुलेआम भीख मंगवाई जा रही है। कई लोग खिलौने आदि बेच रहे हैं तो वहीं इनके बच्चे राहगीरों से भीख मांग रहे हैं। ये कहां से हैं, कब आए, पुलिस के पास इनकी कोई जानकारी नहीं है।
बिना सत्यापन के घूमते हुए ये लोग खुले में गंदगी फैलाते हैं। कई बार यह लोग भीड़ का फायदा उठाते हुए पर्यटकों का सामान भी चुरा लेते हैं। इधर स्थानीय लोग इन पर लगातार कार्रवाई की मांग कर रहे हैं, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हो रही है।

जल्द अभियान चलेगा : एसपी क्राइम
एसपी क्राइम डॉ. जगदीश चंद्र ने बताया कि क्षेत्र में भिक्षा मांगने वालों के खिलाफ अभियान चलाया जाएगा। भिक्षा मांगने वाले लोगों पर ‌भिक्षा अधिनियम के तहत कारवाई की जाएगी।

थाना प्रभारी की है जिम्मेदारी : एसडीएम
नैनीताल एसडीएम राहुल साह का कहना है कि धारा 100 मेंटल हेल्थ केयर एक्ट 2017 में स्पष्ट रूप से संबंधित थाना प्रभारी की जिम्मेदारी तय की गई है। प्रशासन की ओर से सभी थानों को इस संबंध में निर्देशित किया गया है कि बाहरी व्यक्तियों के सत्यापन में सतर्कता बरती जाए।

इन क्षेत्रों में रहते हैं भिक्षुक व मानसिक विकृति के लोग
– मल्लीताल नैनादेवी मंदिर
– चार्ट बाजार मल्लीताल
– बड़ा बाजार मल्लीताल
– पंतपार्क मल्लीताल
– मालरोड
– तल्लीताल डांठ
– अंडा मार्केट
– रोडवेज स्टेशन तल्लीताल

संबंधित समाचार