बरेली: सिविल अदालतों के स्थानान्तरण के विरोध में सोमवार तक वकीलों की हड़ताल जारी
बरेली, अमृत विचार। बरेली बार एसोसिएशन द्वारा सिविल अदालतों के स्थानान्तरण के विरोध में 12 दिनों से चल रही हड़ताल अब सोमवार तक जारी रहेगी। शुक्रवार को कचहरी स्थित बार सभागार में अधिवक्ताओं ने एक स्वर में अदालतों के ट्रांसफर का विरोध किया। सभा की अध्यक्षता करते हुए बार अध्यक्ष अरविंद कुमार ने कहा कि …
बरेली, अमृत विचार। बरेली बार एसोसिएशन द्वारा सिविल अदालतों के स्थानान्तरण के विरोध में 12 दिनों से चल रही हड़ताल अब सोमवार तक जारी रहेगी। शुक्रवार को कचहरी स्थित बार सभागार में अधिवक्ताओं ने एक स्वर में अदालतों के ट्रांसफर का विरोध किया। सभा की अध्यक्षता करते हुए बार अध्यक्ष अरविंद कुमार ने कहा कि जनरल हाउस का सम्मान सर्वोपरि है, सोमवार को फिर आम सभा बुलाई है, जिसमें जिला जज मुख्य अतिथि रहेंगे। उनकी बात सुनने के उपरांत हाउस के मुताबिक हड़ताल की अग्रिम रणनीति तय की जायेगी।
सचिव वीरेंद्र प्रसाद ध्यानी ने बताया कि आम सभा में सर्वसम्मति से तय हुआ कि 3 अक्टूबर तक जनपद के समस्त अधिवक्ता न्यायिक कार्य से पूर्णतया विरत रहेंगे। शुक्रवार को भी जनपद न्यायालय के गेटों पर तैनात अधिवक्ताओं ने परिसर में वकीलों व वादकारियों को प्रवेश नहीं करने दिया। शनिवार को जिले की सभी 6 तहसीलों के अलावा कमिश्नरी बार एसोसिएशन, पीलीभीत बार एसोसिएशन द्वारा बरेली बार एसोसिएशन द्वारा चलाए जा रहे आंदोलन के समर्थन में समस्त न्यायिक कार्य से विरत रहकर समर्थन की घोषणा की है।
वहीं बार एसोसिएशन द्वारा निष्कासित अधिवक्ता धर्मवीर गुप्ता ने पत्नी समेत आमसभा में जमीन पर बैठकर विरोध भी व्यक्त किया। शशिकांत शर्मा, आनंद रस्तोगी, अनिल कुमार भटनागर, राजेश यादव, अमजद सलीम, नंदकिशोर भगत, दिव्य चतुर्वेदी, संजय कुमार वर्मा, राकेश रत्नाकर, प्रमिला सिंहा, आरती गिरी, पुष्पा नागर, संध्या आर्या, शबाना परवीन, हिना इल्यास, गीता श्रीवास्तव सहित बड़ी संख्या में अधिवक्ता मौजूद रहे।
अदालतों के ट्रांसफर को हरगिज नहीं होने दिया जायेगा। जनरल हाउस जो तय करेगा, वही निर्णय सर्वोपरि होगा। सोमवार को जिला जज अधिवक्ताओं से बात करने आमसभा में आ रहे हैं। उनकी बात को गंभीरता से सुना जाना चाहिए, ऐसा मेरा मानना है- शिरीष कुमार मेहरोत्रा, पूर्व अध्यक्ष, सदस्य उत्तर प्रदेश बार काउंसिल।
जनरल हाउस में शुक्रवार को तय हुआ है कि हड़ताल सोमवार तक अनवरत जारी रहेगी, जिला जज के मुख्य आतिथ्य में सोमवार को दोपहर 2 बजे बार सभागार में आमसभा होगी, जिसमे आंदोलन की अग्रिम रूपरेखा तय होगी- वीपी ध्यानी एडवोकेट, सचिव, बरेली बार एसोसिएशन।
ये भी पढ़ें- बरेली: लोगों की उम्मीदों पर फिरा पानी, नहीं लगेगा मॉडल टाउन में 68 साल पुराना दशहरा मेला
