बरेली: ट्रेनों को सौर ऊर्जा से दौड़ाने की तैयारी

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

रजनेश सक्सेना, बरेली। पूर्वोत्तर रेलवे का इज्जतनगर मंडल ट्रेनों को बिजली से नहीं बल्कि सौर ऊर्जा से दौड़ाने की तैयारी में जुट गया है। इसकी तैयारियां जोरों पर की जा रही हैं। रेलवे पटरियों के आस-पास खाली पड़ी रेलवे की जमीन पर सौर ऊर्जा के सयंत्रों को लगाया जाएगा। इसके लिए रेलवे अधिकारियों ने मंडल में …

रजनेश सक्सेना, बरेली। पूर्वोत्तर रेलवे का इज्जतनगर मंडल ट्रेनों को बिजली से नहीं बल्कि सौर ऊर्जा से दौड़ाने की तैयारी में जुट गया है। इसकी तैयारियां जोरों पर की जा रही हैं। रेलवे पटरियों के आस-पास खाली पड़ी रेलवे की जमीन पर सौर ऊर्जा के सयंत्रों को लगाया जाएगा।

इसके लिए रेलवे अधिकारियों ने मंडल में 20 जगहों को चिन्हित भी कर लिया है। चिन्हित जगहों पर सौर ऊर्जा संयंत्र लगाने और ट्रेनों को उसके सहारे दौड़ाने का प्रस्ताव रेलवे बोर्ड ने मांगा है। जिसे कुछ ही दिनों में भेजा दिया जाएगा। प्रस्ताव पास होने के बाद इस प्रोजेक्ट पर काम शुरू कर दिया जाएगा।

रेलवे अधिकारियों के मुताबिक मंडल में पटरियों के आस-पास रेलवे की काफी जमीन खाली पड़ी है। इस जमीन पर पीपीपी (पब्लिक, प्राइवेट पार्टनरशिप) मॉडल पर सौर ऊर्जा का संयत्र लगाने की तैयारी की जा रही है। प्रस्ताव पास होने के बाद इसके लिए निविदा भी आमंत्रित की जाएगी।

सौर ऊर्जा सयंत्र लगने के बाद उससे 25 केवीए की ओवरहेड (ओएचई) लाइन को जोड़ दिया जाएगा। करंट दौड़ने के बाद इलेक्ट्रिक इंजनों के सहारे ट्रेनों को ट्रैक से आसानी से गुजारा जा सकेगा। अधिकारियों ने बताया कि इससे बिजली की बचत भी होगी और रेलवे आत्मनिर्भरता की ओर भी बढ़ेगा।

इन लाइनों पर ओएचई का काम हो चुका है पूरा
सौर ऊर्जा संयंत्र को ध्यान में रखते हुए इज्जतनगर मंडल अपने सभी स्टेशनों को ओएचई लाइनों से जोड़ने का काम बेहद तेजी से कर रहा है। हाल ही में मथुरा से कल्याणपुर, कासगंज से बरेली सिटी और भोजीपुरा से मैलानी तक ओएचई लाइन का काम पूरा किया गया है। अधिकारियों का कहना है कि इन लाइनों के आस-पास की भी जगह को चिन्हित कर लिया गया है। जल्द ही यहां पर भी सौर ऊर्जा के संयंत्र लगाए जाएंगे। जिससे ट्रेनों को दौड़ाने में आसानी हो।

4.90 रुपये प्रति यूनिट के हिसाब से पड़ेगी बिजली
इज्जतनगर मंडल के पीआरओ राजेंद्र सिंह ने बताया कि इस समय रेलवे एनटीपीसी से बिजली खरीद रहा है। जो उन्हें 7 रुपये प्रति यूनिट के हिसाब से पड़ रही है। सौर ऊर्जा से बनाई जाने वाली बिजली 4.90 रुपये प्रति यूनिट पड़ेगी। इससे रेलवे के राजस्व में भी बचत होगी।

“ट्रेनों को सौर ऊर्जा से दौड़ाने की तैयारी चल रही है। इज्जतनगर मंडल ने पटरियों के आस-पास की 20 जगहों को सौर ऊर्जा संयंत्र लगाने के लिए चिन्हित किया है। प्रस्ताव पास होने के बाद जल्द ही सौर ऊर्जा से ट्रेनें दौड़ सकेंगी।” -राजेंद्र सिंह, जन संपर्क अधिकारी, इज्जतनगर मंडल

संबंधित समाचार