उत्तराखंड: केदारनाथ धाम की पहाड़ियों पर हिमस्खलन, 2013 आपदा की आई याद, वीडियो वायरल
चमोली, अमृत विचार। केदारनाथ धाम के पीछे पहाड़ी पर शनिवार सुबह करीब छह बजे भयानक हिमस्खलन हुआ। हालांकि ये हिमस्खलन काफी ऊंचाई पर हुआ। जिससे अभी तक किसी भी नुकसान की जानकारी नहीं है। धाम में मौजूद कुछ यात्रियों ने हिमस्खलन का वीडियो भी बनाया जो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। वहीं इस हिमस्खलन …
चमोली, अमृत विचार। केदारनाथ धाम के पीछे पहाड़ी पर शनिवार सुबह करीब छह बजे भयानक हिमस्खलन हुआ। हालांकि ये हिमस्खलन काफी ऊंचाई पर हुआ। जिससे अभी तक किसी भी नुकसान की जानकारी नहीं है। धाम में मौजूद कुछ यात्रियों ने हिमस्खलन का वीडियो भी बनाया जो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। वहीं इस हिमस्खलन ने एक बार फिर 2013 की आपदा की याद ताजा कर दी है। तब चोराबाड़ी झील के टूटने से ही मंदाकिनी नदी में बाढ़ आई थी, जिससे कई श्रद्धालुओं की मौत हो गई थी। इस दौरान केदारनाथ घाटी सहित रामबाड़ा का पूरा स्वरूप ही बदल गया था। आज भी उस भयावह आपदा के जख्म देवभूमि नहीं भूली है।

श्री बदरी केदारनाथ मंदिर समिति के अध्यक्ष अजेंद्र अजय ने केदारनाथ धाम के पहाड़ों पर आए इस हिमस्खलन की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि हिमस्खलन से कोई नुकसान नहीं हुआ है। बता दें कि अभी कुछ दिन पहले भी केदारनाथ धाम की ऊंची चोटियों पर एवलांच या हिमस्खलन की घटना सामने आई थी। 23 सितंबर को भी केदारनाथ के पीछे पहाड़ों पर एवलांच की घटना सामने आई थी। गनीमत रही कि तब भी हिमस्खलन से कोई नुकसान नहीं हुआ था।
