रुद्रपुर: उधारी चुकाने को आयुर्वेदिक डिग्री धारी बना तस्कर
रुद्रपुर, अमृत विचार। लाखों की उधारी चुकाने के लिए अफीम बेच रहे व्यक्ति को पुलिस ने दबोचा। तलाशी लेने पर उसके पास से पुलिस ने 1404 ग्राम अफीम बरामद की। आवास विकास चौकी प्रभारी नीमा बोहरा को मुखबिर से सूचना मिली कि एक व्यक्ति द्वारा अफीम बेची जा रही है। पुलिस ने मोदी मैदान में …
रुद्रपुर, अमृत विचार। लाखों की उधारी चुकाने के लिए अफीम बेच रहे व्यक्ति को पुलिस ने दबोचा। तलाशी लेने पर उसके पास से पुलिस ने 1404 ग्राम अफीम बरामद की। आवास विकास चौकी प्रभारी नीमा बोहरा को मुखबिर से सूचना मिली कि एक व्यक्ति द्वारा अफीम बेची जा रही है।
पुलिस ने मोदी मैदान में सब्जी मंडी के पास घेराबंदी कर उसे दबोच लिया। तलाशी लेने पर उसके पास बैग से पुलिस को 1404 ग्राम अफीम, तराजू और 20 हजार रुपये बरामद हुए। आरोपी ने अपना नाम प्रताप सिंह यादव निवासी ग्राम कतरोई बुजर्ग पोस्ट बडागांवा आंवला, बरेली, यूपी हाल आजाद नगर, ट्रांजिट बताया।
आरोपी प्रताप ने बताया कि उसके ऊपर लाखों रुपये की देनदारी है जिसे चुकता करने के लिए ही वह अफीम बेचने का काम कर रहा है। पुलिस ने उसके खिलाफ संबंधित धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कर उसे न्यायालय में पेश किया। जहां से उसे जेल भेज दिया गया।
पुलिस के अनुसार आरोपी ने बताया कि वह उधारी की देनदारी के चक्कर में अफीम खरीदने व बेचने का काम करता है। उसके पास आयुर्वेद की डिग्री है और उसका आजाद नगर में निरंकारी डिस्पेंसरी नाम से आयुर्वेदिक क्लीनिक है। छोटा माल वह वही से बेच देता है और ज्यादा अफीम लेने के लिए ग्राहक को मोदी मैदान बुलाता था। झारखंड निवासी पिंटू उसे अफीम लाकर देता था और वह उसे यहां पांच से छह हजार रुपये प्रति दस ग्राम के रेट पर बेचता है।
