रुद्रपुर: ससुरालियों पर बहन को पीटकर मारने का लगाया आरोप
रुद्रपुर, अमृत विचार। रविंद्रनगर निवासी विवाहिता संगीता की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत मामले में मृतका के भाई ने कोतवाली में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की। संगीता के भाई का आरोप था कि ससुरालियों ने दहेज की खातिर उसकी बहन पीटकर हत्या की है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। जानकारी …
रुद्रपुर, अमृत विचार। रविंद्रनगर निवासी विवाहिता संगीता की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत मामले में मृतका के भाई ने कोतवाली में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की। संगीता के भाई का आरोप था कि ससुरालियों ने दहेज की खातिर उसकी बहन पीटकर हत्या की है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार रविंद्रनगर निवासी सन्नी पाल ने बताया कि दो वर्ष पहले उसकी बहन रजनी पाल उर्फ संगीता की शादी सरस्वती बिहार कॉलोनी भूरारानी के नरेंद्र पाल से हुई थी। आरोप लगाया कि शादी के कुछ माह बाद ही पति, सास, जेठ, जेठनी और नंदोई दहेज की खातिर बहन को प्रताड़ित करने लगे थे।
अत्याचार बढ़ने पर उसकी बहन ने 29 सितंबर को पुलिस हेल्पलाइन नंबर पर शिकायत भी की थी। लेकिन पुलिस ने मौके पर आकर मामला समझा बुझाकर शांत कर दिया। लेकिन एक अक्टूबर को पति सहित ससुरालियों ने एकराय होकर उसकी बहन के साथ जमकर मारपीट की। जिससे उसकी बहन की मौत हो गई। सन्नी ने कोतवाली पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की।
पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। कोतवाल विक्रम राठौर ने बताया कि तहरीर आने के बाद मामले की जांच प्रारंभ कर दी गई है। जांच के बाद दोषियों के विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी।
