बागेश्वर के दुलम में बनेगा प्रदेश का पहला पैराग्लाइडिंग ट्रेनिंग संस्थान

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

सुरेश पांडेय, हल्द्वानी। बागेश्वर में पैराग्लाइडिंग की संभावनाओं को देखते हुए सरकार कपकोट के दुलम गांव में प्रदेश का पहला पैराग्लाइडिंग प्रशिक्षण केंद्र बनाने जा रही है। ऐसा हुआ तो साहसिक पर्यटन से न केवल सरकार को राजस्व मिलेगा बल्कि युवाओं को रोजगार भी मिल सकेगा। ऊंची पहाड़ियों से घिरे बागेश्वर जिले में पैराग्लाइडिंग की …

सुरेश पांडेय, हल्द्वानी। बागेश्वर में पैराग्लाइडिंग की संभावनाओं को देखते हुए सरकार कपकोट के दुलम गांव में प्रदेश का पहला पैराग्लाइडिंग प्रशिक्षण केंद्र बनाने जा रही है। ऐसा हुआ तो साहसिक पर्यटन से न केवल सरकार को राजस्व मिलेगा बल्कि युवाओं को रोजगार भी मिल सकेगा।

ऊंची पहाड़ियों से घिरे बागेश्वर जिले में पैराग्लाइडिंग की काफी संभावनाएं हैं। बीते कुछ सालों से पैराग्लाइडिंग के कार्यक्रम भी पर्यटन विभाग संचालित कर रहा है। कुछ निजी कंपनियां भी इस दिशा में प्रयास कर पर्यटकों को लुभाने का कार्य कर रही हैं। लेकिन जिला प्रशासन बागेश्वर में पैराग्लाइडिंग का बड़ा कार्यक्रम कर बागेश्वर को पैराग्लाइडिंग के क्षेत्र में पहचान दिलाना चाहता है। साथ ही कपकोट के दुलम गांव में पैराग्लाइडिंग का बेसिक प्रशिक्षण केंद्र बनाने की कवायद की जा रही है। ऐसा हुआ तो यह प्रदेश का पहला पैराग्लाइडिंग प्रशिक्षण केंद्र होगा। बागेश्वर में पैराग्लाइडिंग को कई सालों से बढ़ावा दे रहे प्रशिक्षक जगदीश जोशी भी शासन की इस कवायद को उम्मीद भरी निगाह से देखते हैं। पैरामिलिट्री के पूर्व सैनिक जगदीश जोशी निजी प्रयासों से स्थलों का चयन करते हुए युवाओं को पैराग्लाइडिंग करा रहे हैं।

जिला योजना से तैयार होगा स्लोप
बागेश्वर के जिला खेल अधिकारी कीर्ति चंद्र आर्य ने बताया कि कपकोट के दुलम गांव में पैराग्लाइडिंग की अपार संभावनाएं हैं। पैराग्लाइडिंग क्षेत्र को विकसित करने के लिए और अधिक प्रयास किए जा रहे हैं। दुलम गांव में जिला योजना मद से पहले स्लोप तैयार किया जा रहा है। उसके बाद कपकोट, जालेख, दुलम आदि गांवों में पैराग्लाइडिंग का राष्ट्र्रीय स्तर का कार्यक्रम आयोजित करने की भी योजना है। साथ ही दुलम गांव में पैराग्लाइडिंग का बेसिंक प्रशिक्षण केंद्र बनाने के भी प्रयास किए जा रहे हैं। क्षेत्रीय विधायक इस मामले में काफी दिलचस्पी ले रहे हैं।

बागेश्वर जिले में पैराग्लाइडिंग की अच्छी संभावनाएं हैं। बागेश्वर के माल्ता से बिलौना, नैल से द्यांगण तथा कपकोट में जालेख से केदारेश्वर तथा दुलम गांव में पैराग्लाइडिंग का स्थल चयन किया गया है। कपकोट के दुलम गांव में पैराग्लाइडिंग का प्रशिक्षण केंद्र बनाने का भी प्रयास चल रहा है। इसकी फाइल शासन में विचाराधीन है। इस संबंध में जल्द ही शासनादेश जारी किया जाएगा।
सुरेश गढ़िया, विधायक कपकोट

संबंधित समाचार