बरेली: 24 साल से सीएमओ ऑफिस में तैनात बाबू की सीएम कार्यालय में शिकायत
बरेली, अमृत विचार। मुख्य चिकित्सा अधिकारी के कार्यालय में एक वरिष्ठ लिपिक 24 साल से तैनात हैं। लिपिक का इतना रसूख है कि तत्कालीन सपा सरकार में अनियमितताओं के आरोप में निलंबित करने के आदेश तो हुए थे लेकिन अधिकारी न उन्हें पद से हटा सके और न ही निलंबित किया गया। अब वरिष्ठ लिपिक …
बरेली, अमृत विचार। मुख्य चिकित्सा अधिकारी के कार्यालय में एक वरिष्ठ लिपिक 24 साल से तैनात हैं। लिपिक का इतना रसूख है कि तत्कालीन सपा सरकार में अनियमितताओं के आरोप में निलंबित करने के आदेश तो हुए थे लेकिन अधिकारी न उन्हें पद से हटा सके और न ही निलंबित किया गया।
अब वरिष्ठ लिपिक की शिकायत मुख्यमंत्री कार्यालय में की गई है। लखनऊ के ही भाजपा नेता ने अनियमितताओं की जांच कराने की मांग की है। मुख्यमंत्री कार्यालय ने शिकायत को गंभीरता से लिया है। जिलाधिकारी बरेली को जांच के बाद कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं। मुख्यमंत्री कार्यालय से पत्र सीएमओ ऑफिस पहुंचने के बाद से खलबली मची है।
सीएमओ कार्यालय में तैनात एक वरिष्ठ लिपिक की शिकायत रवि ठाकुर नाम के भाजपा कार्यकर्ता ने मुख्यमंत्री कार्यालय में की है। भाजपा नेता ने आरोप लगाया है कि लिपिक 1996 से एक ही स्थान पर कार्यरत है। तत्कालीन सपा सरकार में अनियमितताओं के आरोप में निलंबित भी हुए लेकिन उनके निलंबन की फाइल ही दबा दी गई थी।
जबकि तमाम लोगों के तबादले हुए, लेकिन लिपिक अपनी जगह पर बने हुए हैं। आरोप है कि लिपिक सीएमओ कार्यालय में होने वाले तमाम कार्य अपने रिश्तेदारों की फर्म को देते हैं। प्रभारी मंत्री के निरीक्षण में भी लिपिक के कार्यों में तमाम अनियमितताएं सामने आईं थीं।
