मुकेश अंबानी के परिवार को धमकी देने वाला दरभंगा से गिरफ्तार, मुंबई में होगी पूछताछ
मुंबई। मुंबई स्थित रिलायंस फाउंडेशन के हॉस्पिटल को बम से उड़ाने और अंबानी परिवार के सदस्यों को जान से मारने की धमकी देने वाले को बिहार से गिरफ्तार कर लिया गया है। बिजनेसमैन मुकेश अंबानी और उनके परिवार को जान से मारने की धमकी देने के मामले में मुंबई पुलिस ने बिहार के दरभंगा से …
मुंबई। मुंबई स्थित रिलायंस फाउंडेशन के हॉस्पिटल को बम से उड़ाने और अंबानी परिवार के सदस्यों को जान से मारने की धमकी देने वाले को बिहार से गिरफ्तार कर लिया गया है। बिजनेसमैन मुकेश अंबानी और उनके परिवार को जान से मारने की धमकी देने के मामले में मुंबई पुलिस ने बिहार के दरभंगा से एक व्यक्ति को हिरासत में लिया है।
नीलोत्पल (DCP मुंबई) ने बताया कि रिलायंस हॉस्पिटल को बम से उड़ाने और अंबानी परिवार को जान से मारने की धमकी देने का मामला सामने आया था, जांच के लिए 3 टीम बनाई गई और बिहार पुलिस से मदद ली। एक 30 वर्षीय युवक को दरभंगा से गिरफ्तार किया गया है। उसे अदालत में पेश किया जाएगा। आगे की कार्रवाई जारी है।
पुलिस की एक टीम ने दरभंगा जिले से बुधवार आधी रात को एक संदिग्ध को पकड़ा और उसे मुंबई लाया गया है। अधिकारियों ने बताया कि दक्षिण मुंबई स्थित ‘सर एच एन रिलायंस फाउंडेशन’ अस्पताल में बुधवार को एक अज्ञात व्यक्ति ने दो बार फोन कर अस्पताल और उद्योगपति मुकेश अंबानी के घर ‘एंटीलिया’ को बम से उड़ाने की धमकी दी थी। उन्होंने बताया कि फोन करने वाले शख्स ने मुकेश अंबानी और उनके परिवार के सदस्यों को जान से मारने की धमकी भी दी थी।
ये भी पढ़ें : मुंबई में रिलायंस अस्पताल को बम से उड़ाने की धमकी, जांच में जुटी पुलिस
यह धमकी भरा फोन हॉस्पिटल के लैंडलाइन नंबर पर दिया गया था, जिसके बाद अफरा-तफरी का माहौल बन गया। इस मामले में मुंबई पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की है। पुलिस अधिकारियों ने बताया, धमकी भरा फोन 12 बजकर 57 मिनट पर अनजान नंबर से आया। धमकी देने वाले व्यक्ति ने अंबानी परिवार के नाम पर भी धमकी दी। अधिकारियों के मुताबिक, डीबी मार्ग पुलिस स्टेशन में मामला दर्ज किया गया और आगे की जांच की जा रही है।
इस साल अगस्त में एक जौहरी को हॉस्पिटल में फोन करने और बिजनेसमैन मुकेश अंबानी और उनके परिवार के सदस्यों को जान से मारने की धमकी देने के बाद गिरफ्तार किया गया था। फरवरी 2021 में अंबानी के दक्षिण मुंबई स्थित आवास ‘एंटीलिया’ के पास विस्फोटकों से लदी एक स्पोर्ट्स यूटिलिटी व्हीकल (एसयूवी) मिली थी। बाद में घटना के सिलसिले में तत्कालीन पुलिस अधिकारी सचिन वाजे समेत कुछ लोगों को गिरफ्तार किया गया था।
ये भी पढ़ें : रिलायंस बीपी को मिलेगा ‘रूबी’ का साथ, केजी-डी6 गैस उत्पादन बढ़ाने में मिलेगी मदद
