साइबर अपराध के खिलाफ

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

देश में साइबर अपराध के मामले तेजी से बढ़ रहे हैं। बीते एक दशक के दौरान उसमें हुई बेतहाशा बढ़ोतरी की वजह से वर्ष 2021 में साइबर अपराध के 52,974 मामले दर्ज किए गए जो एक साल पहले की तुलना में लगभग छह प्रतिशत अधिक है। यह एक बड़ी चिंता का विषय है। गुरुवार को …

देश में साइबर अपराध के मामले तेजी से बढ़ रहे हैं। बीते एक दशक के दौरान उसमें हुई बेतहाशा बढ़ोतरी की वजह से वर्ष 2021 में साइबर अपराध के 52,974 मामले दर्ज किए गए जो एक साल पहले की तुलना में लगभग छह प्रतिशत अधिक है। यह एक बड़ी चिंता का विषय है। गुरुवार को सीबीआई ने एक बड़ा अभियान चलाकर ताबड़तोड़ छापेमारी की।

मंगलवार से शुरू हुए सीबीआई के ‘ऑपरेशन चक्र’ के तहत अब तक 26 लोग गिरफ्तार किए जा चुके हैं। कर्नाटक में 12 जगहों पर जब्त किए गए बैंक खातों से 1.89 करोड़ रुपए बरामद किए गए हैं। सभी लोग कथित तौर पर ओटीपी धोखाधड़ी से जुड़कर अंतर्राष्ट्रीय साइबर अपराध रैकेट चला रहे थे और बैंक लोन देने के नाम पर लोगों को ठग भी रहे थे। इसमें एक बड़ा अंतर्राष्ट्रीय रैकेट शामिल है। इसमें सभी चीनी ऋण देने वाली कंपनियों के लिए बेंगलुरु से काम करने वाले ऑपरेटर भी शामिल थे।

सीबीआई ने आर्थिक अपराधों में शामिल साइबर अपराधियों के खिलाफ कई राज्यों में 105 स्थानों पर तलाशी अभियान चला रखा है। ऑपरेशन का मकसद भारत में अंतर्राष्ट्रीय साइबर अपराध गिरोहों के बुनियादी ढांचे को खत्म करना है। कार्रवाई इंटरपोल, एफबीआई, रॉयल कैनेडियन माउंटेन पुलिस और ऑस्ट्रेलियाई पुलिस से इनपुट के बाद की गई। दरअसल साइबर अपराध ऐसा आपराधिक कृत्य है जिसमें कंप्यूटर, नेटवर्क डिवाइस या नेटवर्क के जरिए ठगी की जाती है।

साइबर अपराधी इसके जरिए प्राइवेसी से लेकर पैसे तक उड़ा ले जाते हैं। डेटा हैकिंग, फिशिंग मेल, ओटीपी फ्रॉड और मोबाइल फ्रॉड, सेक्सटॉर्शन जैसे तमाम अपराध हैं जिन्हें साइबर अपराधी अंजाम देते हैं। इस अपराध से जुड़े मामलों को पुलिस और केंद्रीय एजेंसियां दोनों देखती हैं।

तेजी से बढ़ते आनलाइन कामकाज, आम नागरिकों समेत पुलिस तक में जागरूकता और तकनीक की जानकारी के अभाव, छिपी हुई यूजर पालिसी, साइबर क्राइम मामले में जांच की मुश्किलें और डाटा सुरक्षा कानून नहीं होने के चलते डिजिटल अपराध में वृद्धि हो रही है। इनसे बचाव के लिए किए गए उपाय नाकाफी साबित हो रहे हैं।

टसाइबर अपराध के आतंक से निपटने के लिए इसे न केवल गंभीर मुद्दे के तौर लेना होगा, बल्कि तकनीक की समझ के लिए लोगों को जागरूक करने और उसकी कमी को दूर करना होगा। इस संबंध में एक सख्त कानून बनाने की भी जरूरत है। साइबर अपराध पर अंकुश लगाना एक बड़ी चुनौती है परंतु सम्मिलित प्रयासों से इस पर कुछ हद तक अंकुश लगाया जा सकता है। अंतर्राष्ट्रीय संगठित साइबर अपराध गिरोह के खिलाफ भारत की लड़ाई ने सीबीआई के ‘ऑपरेशन चक्र’ के माध्यम से एक महत्वपूर्ण स्थान प्राप्त किया है।