कालाढूंगी: हाथियों के झुंड ने रोखड़िया मंदिर में की तोड़फोड़
कालाढूंगी, अमृत विचार। विगत कई महीनों से कालाढूंगी क्षेत्र में हाथियों का आतंक थमने का नाम नहीं ले रहा है। हाथियों के झुंड ने गुरुवार की रात्रि कालाढूंगी वार्ड नंबर एक स्थित आबादी के निकट जंगल में बने श्री श्री 108 रोखड़िया मंदिर में तोड़फोड़ कर डाली। इन हाथियों के झुंड ने बाबा की कुटिया …
कालाढूंगी, अमृत विचार। विगत कई महीनों से कालाढूंगी क्षेत्र में हाथियों का आतंक थमने का नाम नहीं ले रहा है। हाथियों के झुंड ने गुरुवार की रात्रि कालाढूंगी वार्ड नंबर एक स्थित आबादी के निकट जंगल में बने श्री श्री 108 रोखड़िया मंदिर में तोड़फोड़ कर डाली।
इन हाथियों के झुंड ने बाबा की कुटिया को तहस-नहस कर दिया। कुटिया में रखा सारा सामान टीवी, फ्रिज, चावल, आटा, गैस चूल्हा दरवाजे तोड़फोड़ दिए। शुक्र है कि बीती रात को पुजारी कुटिया में नहीं थे। बताते चलें कि लगभग 18 की संख्या वाले इस हाथियों के झुंड ने इन दिनों में धापला गांव में कई घरों में कई बार तोड़फोड़ कर डाली है, तो नयागांव स्थित मशहूर पर्यटक स्थल कॉर्बेट वॉटर फॉल के मुख्य द्वार को भी नहीं छोड़ा।
हाथियों का यह झुंड हर साल गर्मियों के मौसम में पानी की तलाश में कालाढूंगी क्षेत्र में आ जाता है, जो बरसात शुरू होते ही वापस चला जाता है, लेकिन इस बार हाथियों का यह झुंड यहां से वापस जाने का नाम नहीं ले रहा है। जिससे जंगल से सटे ग्रामीणों को जान माल का भय बना हुआ है।
यहां के पुजारी त्रिलोक सिंह मेहरा, गोपाल सिंह बिष्ट, सीएस कांडपाल ने मुआवजे की मांग की है।
कालाढूंगी वन क्षेत्राधिकारी ख्याली राम आर्या का कहना है कि यहां हाथी कॉरिडोर है, फिलहाल आबादी के आसपास और हाइवे पर हाथियों की सूचना मिलने पर वन कर्मियों द्वारा तुरंत मौके पर पहुंचकर उनको भगाने का प्रयास किया जा रहा है।
