हल्द्वानी: त्योहारी सीजन में ऑनलाइन खरीदारी का बढ़ा क्रेज
भूपेश कन्नौजिया, हल्द्वानी। त्योहारी सीजन शुरू हो गया है और अमेज़न, फ्लिपकार्ट व मिंत्रा समेत सभी ई-कॉमर्स कंपनियां ग्राहकों को एक से बढ़कर एक आफर दे रही हैं। इलेक्ट्रॉनिक उत्पाद से लेकर फैशन एंड ब्यूटी प्रोडक्ट्स की कीमतों में काफी छूट दी जा रही है। साथ ही क्रेडिट-डेबिट कार्ड पर ईएमआई तथा अभी खरीदो एक …
भूपेश कन्नौजिया, हल्द्वानी। त्योहारी सीजन शुरू हो गया है और अमेज़न, फ्लिपकार्ट व मिंत्रा समेत सभी ई-कॉमर्स कंपनियां ग्राहकों को एक से बढ़कर एक आफर दे रही हैं। इलेक्ट्रॉनिक उत्पाद से लेकर फैशन एंड ब्यूटी प्रोडक्ट्स की कीमतों में काफी छूट दी जा रही है। साथ ही क्रेडिट-डेबिट कार्ड पर ईएमआई तथा अभी खरीदो एक माह बाद भुगतान करो जैसी सुविधाएं भी ग्राहकों को पसंद आ रही हैं।
ऑनलाइन पेमेंट मर्चेंट साइट पेटीएम ,अमेज़न पे और फोन पे भी ग्राहकों को तमाम सुविधाएं मुहैया करवा रही हैं। अमृत विचार ने समाज के अलग-अलग उम्र वर्ग के लोगों से ऑनलाइन और ऑफलाइन शॉपिंग को लेकर बात की तो अधिकतर युवाओं को ऑनलाइन शॉपिंग पसंद आ रही है। युवा वर्ग जानता है कि उसे कहां से खरीदारी में फायदा हो रहा है। युवा मार्केट रिसर्च और उत्पादों में तुलना करने के बाद ही यह फैसला ले रहे हैं कि उनके लिए प्रोडक्ट कहां से खरीदना फायदेमंद रहेगा।
लोगों की ऑनलाइन खरीदारी के प्रति बढ़ती दिलचस्पी के चलते स्थानीय दुकानदार भविष्य को लेकर चिंतित नजर आ रहे हैं। लोग बाजार पहुंच तो रहे हैं लेकिन सामान को परखने और कीमत जानने के लिए। स्थानीय बाजारों में च्वॉइस कम ही मिलने के कारण लोगों का झुकाव ऑनलॉइन खरीदारी की ओर बढ़ रहा है। वहीं इस बारे में लोगों की राय ली गई तो उन्होंने क्या कहा आप भी पढ़िए..
ऑनलाइन शॉपिंग घाटे का सौदा है, भारत की इकॉनामी के लिए हितकारी नहीं है। रेवन्यू कितना मिल रहा है सरकार को इस पर भी संशय है। इसलिए देशहित में ऑफलाइन शॉपिंग ही फायदेमंद है। हां ये जरूर है कि हमारे युवाओं को ऑनलाइन शापिंग अपनी ओर आकर्षित कर रही है।
-राजीव जायसवाल, महामंत्री, हल्द्वानी व्यापार मंडल
ऑनलाइन और ऑफलाइन शॉपिंग निर्भर करता है कि आप क्या खरीद रहे हैं। जरूरी है कि पहले आप बाजार का एक चक्कर लगा आएं और उसके बाद ऑनलाइन तुलना करें जहां आपको आपकी पसंद का सामान सही कीमतों में मिले वहां से खरीदें। वैसे बात करें ऑफर की तो ऑनलाइन में ज्यादा फायदा बढ़िया ऑफर मिलते हैं।
-अनिता केसरवानी, गृहिणी
जब समाजसेवा का काम होता है तो स्थानीय दुकानदार ही मदद करते हैं , ऑनलाइन ई-कामर्स कंपनियों ने छोटे दुकानदारों को बरबाद कर दिया है और ये दुकानदार हमारे समाज के अंग हैं इनके लिए कम से कम ऑफलाइन शॉपिंग करनी चाहिए।
-रुपेंद्र नागर, व्यवसायी
ऑनलाइन में च्वाइस ज्यादा है बाजार में कम हैं ऊपर से रेट ज्यादा हैं आप दुकानदार से मोलभाव तो कर सकते हैं पर आपको कहीं न कहीं कोम्प्रोमाइज करना पड़ता है। ऑनलाइन में एक फायदा और है कि सामान आसानी से रिटर्न कर सकते हैं जबकि दुकानदार सीधे मुंह बात तक नहीं करते। यहां आप अपने क्रेडिट और डेबिट कार्ड से आसानी से किस्त बना सकते हैं।
-पुष्कर, कॉलेज छात्र
सावधानी के साथ करें ऑनलाइन खरीदारी
हल्द्वानी। वेब डेवलपर और ऑनलाइन मार्केट रिसर्च से जुड़े मनीष कुमार का कहना है कि त्योहारी सीजन में अचानक कई छोटी-छोटी वेबसाइट भी सामने आ जाती हैं मगर हर वेबसाइट पर शॉपिंग करते समय उस वेबसाइट की पूरी जानकारी कर लें, कई बार ग्राहकों को डिस्काउंट और आकर्षक विज्ञापन के फेर में फंसा कर कुछ वेबसाइट आपके साथ फ्रॉड कर सकती हैं। ऑनलाइन शॉपिंग करते समय दिए गए सभी टर्म और कंडिशंस को जरूर पढ़ लें उसमें सामान को वापस करने का ऑप्शन देख लें कुछ वेबासाइट यह ऑप्शन नहीं देतीं या फिर इसके साथ अतिरिक्त चार्ज लगा देती हैं।
ऑनलाइन खरीदारी करते समय डिजिटल पेमेंट के बजाय कैश ऑन डिलिवरी का विकल्प चुनें इससे आपके खाते की जानकारी हैक होने का खतरा नहीं रहेगा।
मिनटों पर लोन लेने वाले संदेशों को न खोलें
आजकल तमाम लोन देने वाले कंपनियों के संदेश फोन पर आ रहे हैं इन्हें नजरअंदाज करें क्योंकि अधिकतर या तो फ्राड हैं या फिर लोन देने के नाम पर तगड़ा ब्याज वसूल रहीं हैं। वहीं तय समय पर लोन ने चुकाने पर आपके कांटेक्ट लिस्ट में शामिल लोगों को बल्क में संदेश भेजकर आपकी खिल्ली उड़वाने का काम भी कर रहीं हैं।
