बांदा: कर्ज से परेशान किसान ने खाया जहर, मौत

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बांदा, अमृत विचार। मजदूरी करने के बाद परदेश से घर लौटे किसान ने कर्ज की भरपाई न कर पाने से परेशान होकर जहरीला पदार्थ खा लिया। उसकी मौत हो गई। मौत की खबर मिलते ही परिजनों में चीख पुकार मच गई। घरवालों का कहना था कि उस पर करीब पांच लाख रुपया का कर्ज था। …

बांदा, अमृत विचार। मजदूरी करने के बाद परदेश से घर लौटे किसान ने कर्ज की भरपाई न कर पाने से परेशान होकर जहरीला पदार्थ खा लिया। उसकी मौत हो गई। मौत की खबर मिलते ही परिजनों में चीख पुकार मच गई। घरवालों का कहना था कि उस पर करीब पांच लाख रुपया का कर्ज था। दो बार बैंक की नोटिस भी घर आ चुकी है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

बबेरू कोतवाली क्षेत्र के अंडौली गांव निवासी बिंदकेश (48) पुत्र सत्यनारायण ने शनिवार की शाम जहरीला पदार्थ खा लिया। हालत बिगड़ने पर घरवालों को जानकारी हुई। उसे तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया। वहां चिकित्सकों ने इलाज के बाद उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया। घरवालों ने उसे यहां लाकर दाखिल कराया। वहां इलाज होने से पहले ही उसने दम तोड़ दिया। मौत की खबर मिलते ही परिजनों में चीख पुकार मच गई। सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने घरवालों से पूछतांछ करने के बाद शव को कब्जे में ले लिया।

मृतक के चचेरे भाई शिवाकांत और पुत्र शशीकांत ने बताया कि बिंदकेश ने 2013 में आयावर्त बैंक शाखा बिलगांव से तीन लाख रुपया कर्ज लिया था। वह कर्ज धीरे-धीरे करके पांच लाख पहुंच गया। खेतीबाड़ी में पैदावार न होने के कारण वह कर्ज की भरपाई नहीं कर पाया। बिंदकेश अहमदाबाद में रहकर काम करने लगा। इधर सितंबर माह में बैंक से दो बार नोटिस आई। कहा कि ब्याज दर माफ कर दिया। मूलधन जमा कर दो। नोटिस की सूचना उसके पुत्र ने अपने पिता को दी।

बिंदकेश दशहरा का त्योहार मनाने गांव आया था। कर्ज की भरपाई के लिए उसके पास रुपया नहीं था। वह परेशान था। इतना ही नहीं दो वर्ष पहले अपनी बहन सुधा की शादी की थी। उसका भी कई लोगों के पास कर्ज पड़ा हुआ था। पैदावार न होने के कारण वह भरपाई नहीं कर पाया। इसी के चलते उसने जहरीला पदार्थ खाकर जान दे दी।

यह भी पढ़ें… बांदा: नम आंखों से दी मां भगवती को विदाई, विसर्जित की देवी प्रतिमा

संबंधित समाचार