अमरोहा : लगातार हो रही बारिश से जनजीवन अस्त व्यस्त, हसनपुर में जर्जर प्राथमिक विद्यालय गिरा
हसनपुर (अमरोहा),अमृत विचार। हसनपुर तहसील क्षेत्र के एक गांव में स्थित प्राथमिक विद्यालय का जर्जर भवन लगातार चार दिन से हो रही बारिश के चलते बीती रात भरभराकर गिर गया। गनीमत रही कि कोई बड़ा हादसा नहीं हुआ। बता दें कि हसनपुर तहसील क्षेत्र के गांव फरौटा का प्राथमिक विद्यालय का जर्जर भवन बीती रात्रि …
हसनपुर (अमरोहा),अमृत विचार। हसनपुर तहसील क्षेत्र के एक गांव में स्थित प्राथमिक विद्यालय का जर्जर भवन लगातार चार दिन से हो रही बारिश के चलते बीती रात भरभराकर गिर गया। गनीमत रही कि कोई बड़ा हादसा नहीं हुआ।
बता दें कि हसनपुर तहसील क्षेत्र के गांव फरौटा का प्राथमिक विद्यालय का जर्जर भवन बीती रात्रि भरभरा कर गिर गया। जर्जर भवन के गिरने की आवाज सुनकर ग्रामीण उस ओर दौड़े देखा तो प्राथमिक विद्यालय का भवन नीचे गिरा पड़ा था। हसनपुर तहसील क्षेत्र में लगातार चार दिनों से हो रही बारिश से जनजीवन पूरी तरह अस्त व्यस्त है। वहीं विद्यालय के प्रधानाध्यापक ने कुछ समय पूर्व भी खंड शिक्षा अधिकारी को लिखित में स्कूल की जर्जर बिल्डिंग जर्जर होने की शिकायत की थी। ग्राम प्रधान ने भी इस बारे में विभागीय अधिकारियों को अवगत कराया था।
विद्यालय के प्रधानाध्यापक देवेंद्र शर्मा ने बताया कि विद्यालय में करीब 58 बच्चे पंजीकृत हैं। विद्यालय का भवन जर्जर होने के कारण बच्चों को अतिरिक्त भवन में पढ़ाया जा रहा था। रविवार की रात्रि किसी समय प्राथमिक विद्यालय का जर्जर भवन गिर गया है। गनीमत रही कि उस समय वहां कोई मौजूद नहीं था। अन्यथा बड़ा हादसा हो सकता था।
मकान गिरने से महिला और बच्चा घायल
उधर, गंगेश्वरी क्षेत्र के गांव पथरा में किसान वेदराम का परिवार रहता है। जहां देर रात किसान अपने खेत की रखवाली करने के लिए जंगल में चला गया और उसकी पत्नी व बच्चे मकान के अंदर सो रहे थे। वहीं क्षेत्र में कई दिन से लगातार बारिश हो रही है। जिसकी वजह से किसान का मकान भरभरा कर गिर गया। जिससे मकान के अंदर सो रही किसान की पत्नी मीना व एक बच्चा दुष्यंत मलबे में दब गया। आनन-फानन में किसान भी मौके पर पहुंच गया और ग्रामीणों की मदद से अपनी पत्नी व बच्चे को मलबे से बाहर निकाल लिया। जहां उसकी पत्नी व बच्चा घायल हो गए। जिन्हें निजी चिकित्सक के यहां भर्ती करा दिया गया है।
ये भी पढ़ें : अमरोहा : ट्रैक्टर-ट्रॉली व बाइक की भिड़ंत, हादसे में युवक की मौत
