मुरादाबाद : ट्रेनों में यात्रियों को सुविधा-सुरक्षा के रेल प्रबंधन के दावे हवाई, शिकायतों को अनदेखा कर रहे अधिकारी
मुरादाबाद, अमृत विचार। यात्रियों को चलती ट्रेनों में सुविधा व सुरक्षा देने के रेल प्रबंधन के दावे हवाई साबित हो रहे हैं। रेलवे के अधिकारी इन दिनों सोशल मीडिया प्लेटफार्म ट्विटर पर आने वाली शिकायतों को अनदेखा कर रहे हैं। जिसके चलते यात्रियों की शिकायतों का निराकरण नहीं हो पा रहा। रेलवे ने साल 2016 …
मुरादाबाद, अमृत विचार। यात्रियों को चलती ट्रेनों में सुविधा व सुरक्षा देने के रेल प्रबंधन के दावे हवाई साबित हो रहे हैं। रेलवे के अधिकारी इन दिनों सोशल मीडिया प्लेटफार्म ट्विटर पर आने वाली शिकायतों को अनदेखा कर रहे हैं। जिसके चलते यात्रियों की शिकायतों का निराकरण नहीं हो पा रहा।
रेलवे ने साल 2016 ट्रेन में चलने वाले यात्रियों के ट्वीट के माध्यम से शिकायत निस्तारण की सुविधा लागू की थी। जिसके बाद से ट्रेनों में यात्रा के दौरान होने वाली असुविधाओं खासतौर से खानपान संबंधी, सामान चोरी, मारपीट जैसी घटनाओं की शिकायत कर सकते थे। किसी भी स्टेशन या किसी ट्रेन में यात्री ट्वीट के माध्यम से सफर में आने वाली शिकायत करते हैं। लेकिन, इन दिनों मुरादाबाद मंडल में यात्रियों की शिकायतों का समाधान नहीं हो पा रहा है। पिछले 10 दिन के अंदर चलती ट्रेनों व स्टेशन पर मौजूद यात्री लगातार ट्वीट के माध्यम के शिकायतें कर रहे हैं। लेकिन, इन समस्याओं का समाधान नहीं हो पा रहा है।
केस-1 : एक अक्टूबर को रेल मंडल बरेली रेलवे स्टेशन पर मौजूद यात्री दुष्यंत सिंह ने स्टेशन पर आरपीएफ के दो सिपाहियों पर अवैध वेंडरों के ठेले लगवाने की शिकायत ट्वीट के माध्यम मंडल रेल प्रशासन, उत्तर रेलवे व आरपीएफ से की, लेकिन इस शिकायत पर रेलवे की ओर से भी कोई एक्शन नहीं लिया।
केस-2 : बीती 28 सितंबर को ट्रेन संख्या 15715 में एक अवैध वेंडर घटिया चने बेचने के लिए चढ़ गया। यात्रियों ने इसका विरोध किया तो युवक ने यात्रियों के साथ अभद्रता की। जिस पर एक यात्री सूरज ने तुरंत ही रेल मंत्री, मंडल रेल प्रशासन व आरपीएफ को इसका ट्वीट किया। रेलवे की ओर से कोई कार्रवाई नहीं की गई।
केस-3 : सात अक्टूबर हो ही मुकेश नाम के युवक ने रेलवे जीएम, रेल मंडल के डीआरएम व एडीआरएम को ट्वीट कर अवगत कराया कि कपूर कंपनी स्थित रेलवे की जमीन पर अवैध दुकान चल रही है। लेकिन अभी तक रेल प्रशासन द्वारा इस शिकायत पर भी कोई संज्ञान नहीं लिया गया है।
केस-4 : सात अक्टूबर को मुरादाबाद रेलवे स्टेशन पर ट्रेन का इंतजार कर रहे यात्री हिमांशु की नजर प्लेटफार्म पर बनी कैंटिन पर एक नाबालिग को बिक्री करते हुए देखा। जिस पर हिमांशु ने उस बच्चे की वीडियो बनाकर ट्वीट के माध्यम से रेल प्रशासन को अवगत कराया। काफी देर इंतजार करने के बाद भी मौके पर कोई नहीं पहुंचा।
केस-5 : पांच अक्टूबर को रेलवे स्टेशन पर मौजूद यात्री यश कुमार ने ट्वीट के माध्यम से आरपीएफ, रेलवे जीएम, उत्तर रेलवे व रेल मंडल के डीआरएम को अवगत कराया कि स्टेशन अवैध वेंडरों द्वारा रेलवे लाइन पार करके सामान बेचा जा रहा है। लेकिन इस ट्वीट पर भी कोई कार्रवाई नहीं की गई।
यात्रियों की ओर से ट्वीट के माध्यम से जो भी शिकायतें मिलती हैं। उनका समाधान कराया जाता है। कुछ समस्याओं का मौके पर ही समाधान हो जाता है और कुछ समस्याओं के समाधान के लिए संबंधित अधिकारिायें को शिकायत अग्रसारित कर दी जाती है। -सुधीर सिंह, सीनियर डीसीएम
15 तक रद्द रहेंगी मंडल मुख्यालय से गुजरने वाली तीन ट्रेनें
धनबाद मंडल के दो रेलवे स्टेशनों के बीच चल रहे प्री नान इंटरलाकिंग व नान इंटरलाकिंग कार्य के चलते रेल प्रशासन ने रेल मंडल मुख्यालय से होकर गुजरने वाली तीन ट्रेनों को 15 अक्टूबर तक के लिए रद्द कर दिया है। सीनियर डीसीएम सुधीर सिंह ने बताया कि धनबाद मंडल के शक्तिनगर और कृष्णा शिला स्टेशन के बीच आठ अक्टूबर से 14 अक्टूबर तक प्री नान इंटरलाकिंग व नान इंटरलाकिंग का कार्य चल रहा है। जिसके चलते ट्रेन संख्या 15073-सिंगरौली-टनकपुर, 15076-टनकपुर-शक्तिनगर व 15075-शक्तिनगर-टनकपुर को 11 से 15 अक्टूबर तक के लिए रद्द किया है।
बारिश से ट्रेनों का संचालन प्रभावित, बदले मार्ग से चली लिंक एक्सप्रेस
चार दिन से लगातार हो रही बारिश का असर रेल मंडल में चलने वाली ट्रेनों पर भी पड़ा है। डिबाई के रेलवे ट्रैक पर पानी भरने से चंदौसी-अलीगढ़ रेल सेक्शन बाधित हो गया। इससे दो पैसेंजर ट्रेनों को रद किया गया। जबकि देहरादून से इलाहाबाद के बीच चलने वाली लिंक एक्सप्रेस को बदले मार्ग से चलाया गया। ट्रेनों के रद होने से यात्रियों को समस्या का सामना करना पड़ा। पहाड़ी व मैदानी इलाकों में पिछले चार दिन से हो रही बारिश से जहां जन-जीवन प्रभावित हुआ है तो वहीं ट्रेनों के संचालन पर भी असर पड़ा है। रविवार को चंदौसी से हरदुआ गंज खंड के डिबाई रेलवे स्टेशन पर रेलवे ट्रैक पर पानी भर गया था। जिसके कारण बरेली से अलीगढ़ जा रही पैसेंजर ट्रेन संख्या 04377 को रोकना पड़ा। जबकि दो ट्रेनों को शार्ट टर्मिनेट करना पड़ा। इसके अलावा चंदौसी-अलीगढ़ रूट रात भर बाधित रहा। जिसके चलते ट्रेन संख्या 04393 सोमवार को चंदौसी स्टेशन से चली और अलीगढ़ से चंदौसी के मध्य निरस्त रही।
ये भी पढ़ें: मुरादाबाद : जयपुर-अजमेर के लिए लग्जरी एसी बसों का संचालन जल्द होगा शुरू
