किच्छा: युवक पर जानलेवा हमले के आरोपियों की गिरफ्तारी को कोतवाली का घेराव किया

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

किच्छा, अमृत विचार। एक माह पूर्व हुई घटना में युवक पर जानलेवा हमला करने वाले आरोपियों को गिरफ्तार करने की मांग को लेकर भाजपा नेता के नेतृत्व में दर्जनों लोगों ने कोतवाली पुलिस का घेराव किया। कोतवाली प्रभारी ने चार दिनों के भीतर कार्यवाही का भरोसा दिलाते हुए आक्रोशित लोगों को शांत कराया। नगर के …

किच्छा, अमृत विचार। एक माह पूर्व हुई घटना में युवक पर जानलेवा हमला करने वाले आरोपियों को गिरफ्तार करने की मांग को लेकर भाजपा नेता के नेतृत्व में दर्जनों लोगों ने कोतवाली पुलिस का घेराव किया। कोतवाली प्रभारी ने चार दिनों के भीतर कार्यवाही का भरोसा दिलाते हुए आक्रोशित लोगों को शांत कराया।

नगर के वार्ड 16 के पूर्व सभासद एवं वरिष्ठ भाजपा नेता सतीश गुप्ता के नेतृत्व में दर्जनों लोग कोतवाली पहुंचे। कोतवाली पहुंचे आक्रोशित लोगों ने कोतवाल धीरेंद्र कुमार का घेराव करते हुए कहा कि एक माह पूर्व जानलेवा हमला करने वाले सभी आरोपी पुलिस की पकड़ से बाहर चल रहे हैं।

आरोपियों द्वारा खुलेआम पीड़ित पक्ष को धमकियां दी जा रही हैं। भाजपा नेता सतीश गुप्ता ने कहा कि 10 सितंबर की शाम उनका पुत्र विकास गुप्ता अपने रिश्तेदार नितिन के साथ घर वापस लौट रहा था इसी दौरान आरोपी नंदलाल, किशन, सन्नी, उमेश, मोहित, बंटी सहित एक दर्जन अन्य महिलाओं एवं पुरुषों ने बीच रास्ते में विकास को घेर लिया और जान से मारने की नियत से लाठी-डंडों तथा धारदार हथियार से हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया। भाजपा नेता गुप्ता ने बताया कि घटना के बाद से उनके पुत्र विकास का गंभीर अवस्था में इलाज चल रहा है।

आरोपियों पर 307 सहित अन्य गंभीर धाराओं में रिपोर्ट दर्ज होने के बावजूद किसी आरोपी की गिरफ्तारी नहीं हुई है। उन्होंने आरोपियों पर कड़ी कार्रवाई किए जाने की मांग करते हुए उग्र आंदोलन की चेतावनी दी। कोतवाल धीरेंद्र कुमार ने 15 अक्टूबर तक आरोपियों पर कड़ी कार्यवाही का भरोसा दिलाते हुए आक्रोशित लोगों को शांत कराया।

उन्होंने कहा कि आरोपियों की गिरफ्तारी न होने पर आरोपियों के खिलाफ एनबीडब्ल्यू तथा कुर्की की कार्यवाही की जाएगी। इस मौके पर भाजपा मंडल अध्यक्ष विवेक राय, नामित सभासद राजीव सक्सेना, शोभित शर्मा, पुष्कर रौतेला, भाजपा नेता हरीश खानवानी, राजकुमार गुप्ता, सभासद मोहम्मद आरिफ, महेंद्र पाल सिंह, राकेश गुप्ता आदि मौजूद रहे।

संबंधित समाचार