बागेश्वर: गढ़वाल के कुंवरगढ़ तक मोटर मार्ग की मिली स्वीकृति

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बागेश्वर, अमृत विचार। प्रदेश सरकार ने कपकोट के कई गांवों के ग्रामीणों की सुविधा के लिए विलुप-कुंवरगढ़ मोटर मार्ग की स्वीकृति प्रदान कर दी है। इस मार्ग के बनने से कुमाऊं व गढ़वाल के मध्य यात्रा करने में कई गांवों के ग्रामीणों को आसानी होगी। साथ ही उनकी बहुप्रतीक्षित मांग भी पूरी होगी। कपकोट के …

बागेश्वर, अमृत विचार। प्रदेश सरकार ने कपकोट के कई गांवों के ग्रामीणों की सुविधा के लिए विलुप-कुंवरगढ़ मोटर मार्ग की स्वीकृति प्रदान कर दी है। इस मार्ग के बनने से कुमाऊं व गढ़वाल के मध्य यात्रा करने में कई गांवों के ग्रामीणों को आसानी होगी। साथ ही उनकी बहुप्रतीक्षित मांग भी पूरी होगी।

कपकोट के विधायक सुरेश गड़िया ने बताया कि मुख्यमंत्री ने उनके अनुरोध पर उक्त मोटर मार्ग को स्वीकृति प्रदान कर दी है। कहा कि उनके निर्देश पर लोनिवि ने विलुप से कुंवरगढ़ तक मोटर मार्ग के लिए लगभग 65 लाख का आगणन बनाया था। जिसमें प्रथम चरण में सरकार ने 21.36 लाख रुपये स्वीकृत करके इसका शासनादेश जारी कर दिया है। शीघ्र ही मोटर मार्ग की निविदा जारी कर कार्य प्रारंभ कर दिया जाएगा।

उल्लेखनीय है कि कपकोट के कई गांवों की बागेश्वर व कपकोट के बजाय गढ़वाल मंडल के देवाल, नंदकेशरी व थराली की दूरी कम होती है तथा इन गांवों की रिश्तेदारी भी गढ़वाल में काफी है। जिस कारण ग्रामीण लंबे समय से गढ़वाल क्षेत्र को कपकोट के गांवों से यातायात सुविधा से जोड़ने की मांग करते रहे हैं।

ग्रामीणों ने बताया कि इस मार्ग के बनने के बाद उन्हें आवश्यक कार्य हेतु कपकोट आने के बजाय गढ़वाल के क्षेत्र में आने जाने में सुविधा होगी। साथ ही उन्हें स्वास्थ्य सुविधा में भी इसका लाभ मिलेगा। ग्रामीणों ने इस सड़क के स्वीकृत होने पर विधायक सुरेश गड़िया समेत प्रदेश सरकार का आभार व्यक्त किया है।

संबंधित समाचार