संत रामानुजाचार्य ने द्वैत वाद की स्थापना की: योगी आदित्यनाथ

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

अमृत विचार, अयोध्या। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि भारत ज्ञान की भूमि है। यहां पर मनुष्यों ने वेद का अध्ययन कर नई-नई दृष्टि और परम्पराओं को बढ़ाया है, जो हमेशा मानवता के लिए संदेश देता रहेगा। उन्होंने कहा कि 10वीं सदी में दक्षिण के प्रसिद्ध संत रामानुजाचार्य जी ने द्वैतवाद की स्थापना की, जिसमें …

अमृत विचार, अयोध्या। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि भारत ज्ञान की भूमि है। यहां पर मनुष्यों ने वेद का अध्ययन कर नई-नई दृष्टि और परम्पराओं को बढ़ाया है, जो हमेशा मानवता के लिए संदेश देता रहेगा। उन्होंने कहा कि 10वीं सदी में दक्षिण के प्रसिद्ध संत रामानुजाचार्य जी ने द्वैतवाद की स्थापना की, जिसमें लक्ष्मीनारायण की पूजा प्रधान होती है।

मुख्यमंत्री बुधवार को रामास्वामी मंदिर जगतगुरु रामानुजाचार्य की प्रतिमा (स्टेच्यू ऑफ डिग्निटी) का अनावरण करने के बाद साधु-संतों को संबोधित कर रहे थे। हर्षण नगर हनुमान गुफा के पास श्री राममंत्रार्थ मंडपम श्रीराम मंत्र महायज्ञ रजत जयंती कार्यक्रम में भी सीएम ने भाग लिया। इसके बाद वह दीपोत्सव 2022 की तैयारियों की समीक्षा करने के लिए रामकथा संग्रहालय पहुंचे।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का आगमन तकरीबन 10:30 बजे के करीब हुआ। राम कथा पार्क स्थित हेलीपैड पर बाढ़ का पानी आने के बाद वह अयोध्या एयरपोर्ट पर उतरे। यहां से वह सड़क मार्ग से गोलाघाट में श्री रामास्वामी मंदिर में जगतगुरु रामानुजाचार्य के मूर्ति का अनावरण कार्यक्रम में पहुंचे।

इस दौरान प्रसिद्व संतों में धराचार्य, राघवाचार्य सहित अनेक गणमान्य मनीषी एवं विद्वान उपस्थित थे। मुख्यमंत्री ने कहा कि संत रामानुजाचार्य ने द्वैत वाद की स्थापना की। चाहे कोई भी बात हो द्वैत-अद्वैैत विशिष्टा द्वैत सभी वेदांत की व्याख्या करने वाले ईश्वर तक पहुंचाने वाले मार्ग हैं। मुख्यमंत्री ने रामानुजाचार्य व इनके पीठ से जुड़े हुये सभी संतों को बधाई दी और भगवान की जन्मस्थली को 120 साल बाद और उसके विकास के लिए सराहना भी की। संत कमल नयन दास, राजकुमार दास, सुरेश दास के अलावा अन्य संत भी मौजूद रहे।

श्रीराम हर्षण महाराज को नमन करता हूं: सीएम

हर्षण नगर स्थित श्रीराम मंत्रार्थ मंडपम में आयोजित श्रीराम मंत्र महायज्ञ रजत जयंती महामहोत्सव के कार्यक्रम में मुख्यमंत्री आदित्यनाथ ने कहा कि आज से वर्षों पूर्व इस पीठ के संस्थापक पीठाधीश्वर जगतगरु रामहर्षण दास महराज द्वारा रामायण की रचना की गई थी, जिसमें भारत भूमि को दिव्य मनुष्यों को जन्म देने वाला पृथ्वी पर एक मात्र स्थान बताया और इसमें जहां श्रीराम का जन्म हुआ हो अवलौकिक स्थान है।

इस विचार को भारत एवं विश्व में फैलाने वाले श्रीराम हर्षण महाराज को मैं नमन करता हूं। यह समाज व सभी के लिए प्रेरणादायक है इसके पूर्व के पीठाधीश्वर द्वारा 13 करोड़ राम मंत्र का जाप करके सिद्वि प्राप्त की गयी थी जो आम जनमानस के लिए कल्याणकारक रही उनको भी नमन करता हूं।

चौड़ीकरण का कार्य मिशन मोड में रखें, हाईवे के गड्ढे ठीक कराएं

श्रीराम कथा संग्रहालय में दीपोत्सव 2022 की तैयारी की समीक्षा के दौरान जिलाधिकारी नितीश कुमार ने तैयारियों की रूपरेखा प्रस्तुत की। प्रमुख सचिव पर्यटन एवं संस्कृति मुकेश मेश्राम द्वारा बताया गया कि अयोध्या में 18 लाख दीपों का प्रज्जवलन होगा जिसमें अयोध्या के प्रमुख स्थल सम्मिलित है। 15 लाख दीपों के राम की पैड़ी पर प्रज्ज्वलन कराकर विश्व रिकार्ड बनाया जायेगा। सम्पूर्ण अयोध्या व दीपोत्सव स्थल पर लाइटिंग कार्य होगा। ग्रीन म्यूजिकल आतिशबाजी होगी।

प्रमुख स्थलों पर अंतरराष्ट्रीय व राष्ट्रीय रामलीलाओं का मंचन होगा। 5 लाख दीपक 40 स्थलों पर प्रज्ज्वलित होंगे। मुख्यमंत्री ने आधारभूत कार्यों और साफ-सफाई पर विशेष ध्यान देने का निर्देश दिया। अयोध्या के अंदर के सड़कों के मरम्मत व निर्माण कार्यों में भी प्राथमिकता दिया जाये तथा पुराने मठ एवं मंदिरों के रंगाई पुताई पर भी ध्यान दिया जाय। नयाघाट से श्रीराम जन्मभूमि मार्ग के चौड़ीकरण के कार्यों में प्राथमिकता देते हुये इसको मिशन मोड में लाया जाय।

राष्ट्रीय राजमार्ग पर बहुत जगह गड्ढे बने हुये है उसको भी सम्बंधित अधिकारियों से बात कर दीपोत्सव से पूर्व ठीक कराया जाय। इस मौके पर सांसद लल्लू सिंह, मेयर ऋषिकेश उपाध्याय, विधायक वेद प्रकाश गुप्त, रामचन्दर यादव, जिला पंचायत अध्यक्ष रोली सिंह, मंडलायुक्त नवदीप रिनवा, जिलाधिकारी नितीश कुमार, डीआईजी पुलिस उपमहानिरीक्षक अमरेन्द्र प्रसाद सिंह,एसएसपी प्रशान्त वर्मा, नगर आयुक्त विशाल सिंह, दीपोत्सव के नोडल अधिकारी अजय प्रताप सिंह व अन्य अधिकारी उपस्थित थे।

यह भी पढ़ें:- सीएम योगी पहुंचे अयोध्या, जगद्गुरु रामानुजाचार्य की प्रतिमा का किया अनावरण

संबंधित समाचार