काशीपुर: बदमाशों के लिए मुफीद ठिकाना बन रहा यूएसनगर
अरुण कुमार, काशीपुर। उत्तराखंड का तराई जिला ऊधमसिंह नगर बदमाशों का मुफीद ठिकाना बनता जा रहा है। राज्य के सबसे ज्यादा आपराधिक गतिविधियों के मामले इसी जिले में सामने आते जा रहे हैं। ग्राम जुड़का नंबर एक में बेखौफ बदमाशों ने घर में घुसकर दिनदहाड़े एक स्टोन क्रशर स्वामी के पिता पर ताबड़तोड़ गोलियां दाग …
अरुण कुमार, काशीपुर। उत्तराखंड का तराई जिला ऊधमसिंह नगर बदमाशों का मुफीद ठिकाना बनता जा रहा है। राज्य के सबसे ज्यादा आपराधिक गतिविधियों के मामले इसी जिले में सामने आते जा रहे हैं। ग्राम जुड़का नंबर एक में बेखौफ बदमाशों ने घर में घुसकर दिनदहाड़े एक स्टोन क्रशर स्वामी के पिता पर ताबड़तोड़ गोलियां दाग दीं, जिससे उनकी मौत हो गई। यह सनसनीखेज घटना सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है। घटना के बाद क्षेत्र में तनाव की स्थिति को देखते पुलिस ने भारी पुलिस बल तैनात किया है। दो दिन के भीतर दूसरी बड़ी घटना होने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई है।
दरअसल, बुधवार की रात कुंडा थाना क्षेत्र में हुई फायरिंग के बाद पहले से ही कुमाऊं डीआईजी नीलेश आनंद भरणे, एसएसपी मंजूनाथ टीसी समेत भारी सुरक्षा बल तैनात है। बावजूद इसके पुलिस की नाक के नीचे ही गुरुवार की सुबह स्टोन क्रेशर स्वामी के घर में घुसकर बाइक सवार दो बदमाशों ने गोलियां दाग कर उनके पिता को मौत के घाट उतार दिया।
बताया जाता है कि दोनों बदमाश बाइक बाहर खड़ी कर पैदल घर के अंदर घुसे। बदमाशों ने महल सिंह पर ताबड़तोड़ फायर झोंक दिए। घटना को अंजाम देने के लिए बदमाश बैग में पिस्टल रखकर पहुंचे थे। गोली मारने के बाद वह पिस्टल लहराते हुए आराम से अपनी बाइक पर सवार होकर फरार हो गए। घटना के बाद व्यवसायी के घर के बाहर भीड़ जुट गई।
पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। बता दें कि आए दिन जिले में कहीं ने कहीं गोली कांड की घटनाएं सामने आती रहती हैं। 19 जुलाई 2021 को भी पंजाब से भागकर उत्तराखंड में काशीपुर के गुलजारपुर गांव में छुपे तीन गैंगस्टरों को कुमाऊं एसटीएफ और पंजाब की क्राइम पेट्रोल यूनिट ने संयुक्त ऑपरेशन चलाकर मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार किया था।
गिरफ्तारी से पूर्व दस मिनट तक दोनों तरफ से करीब 15 राउंड फायरिंग हुई। गैंगस्टर यहां करीब एक सप्ताह से छुपे थे। इनके पास से 30 बोर की पिस्टल, 71 कारतूस और पिस्टल के खोखे बरामद हुए थे। इसके अलावा आए दिन बाहरी राज्यों की पुलिस बदमाशों को पकड़ने के लिए पहुंचती है।
