राजघरानों की महफिल में रामपुर रियासत की दिखी शान, महाराजकुमार रंजीत सिंह को किया सम्मानित

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

रामपुर, अमृत विचार। रॉयल फेबल्स के दो दिवसीय कार्यक्रम में रामपुर रियासत की कला, संस्कृति, संगीत और दस्तरख्वान का शाही दौर नजर आया। देशभर की रियासतों के शासकों के वंशजों को एक मंच पर लाने वाले रॉयल फेबल्स की शाही महफिल में किशनगढ़ के महाराज बृजराज सिंह, महारानी मीनाक्षी देवी, आरएलडी चीफ राज्यसभा सांसद जयंत …

रामपुर, अमृत विचार। रॉयल फेबल्स के दो दिवसीय कार्यक्रम में रामपुर रियासत की कला, संस्कृति, संगीत और दस्तरख्वान का शाही दौर नजर आया। देशभर की रियासतों के शासकों के वंशजों को एक मंच पर लाने वाले रॉयल फेबल्स की शाही महफिल में किशनगढ़ के महाराज बृजराज सिंह, महारानी मीनाक्षी देवी, आरएलडी चीफ राज्यसभा सांसद जयंत चौधरी व पूर्व मंत्री नवाब काजिम अली खां उर्फ नवेद मियां बतौर मुख्य अतिथि शामिल हुए। नई दिल्ली के डीएलएफ इम्पोरियो में रॉयल फेबल्स के बारहवें सत्र का यह भव्य आयोजन अंशू खन्ना, वरुण खन्ना और सफीर आनंद ने किया था।

  • रॉयल फेबल्स के दो दिवसीय कार्यक्रम में रामपुर रियासत की कला, संस्कृति, संगीत और दस्तरख्वान का शाही दौर आया नजर
  • उस्ताद सखावत हुसैन खां ने सजाई संगीत की महफिल, शेफ महफूज कुरैशी ने पेश किया जायका
  • राजशाही की शान रहीं विंटेज कारें रहीं आकर्षण का केंद्र, -महाराजकुमार रंजीत सिंह को किया गया सम्मानित

14 और 15 अक्तूबर को सजी महफिल में वो यादगार पल रहा जब सभी राजघरानों की ओर से वांकानेर के महाराजकुमार रंजीत सिंह का सम्मान किया गया। शुक्रवार रात्रि हेरिटेज मोटरिंग क्लब ऑफ इंडिया की ओर से विंटेज कार रैली का भी आयोजन किया गया। राजशाही की आन बान शान रहीं विंटेज कारों के प्रेमी बेहद उत्साहित नजर आए। यहां रोल्स रॉयस, बेंटले, दैमलर, लैंचेस्टर, लगोंडा, मर्सिडीज, बुगाती, फोर्ड, लिंकन, पर्काड, डॉज, ऑस्टिन, फिएट, सिंगर जैसी तमाम कारें देखने को मिलीं।

पूर्व राजघरानों के इस जमावड़े के गवाह रामपुर से इस कार्यक्रम में शामिल हुए इंडियन नेशनल ट्रस्ट फॉर आर्ट एंड कल्चरल हेरिटेज (इंटेक) रूहेलखंड चैप्टर के सह संयोजक काशिफ खां, माजिद खां उर्फ राजा खां और अकरम सुल्तान उर्फ छोटे साहब भी बने।

रामपुर–सहसवान घराने के पद्म भूषण उस्ताद मुश्ताक हुसैन खां के पौत्र उस्ताद सखावत हुसैन खां ने महफिल में रंग भर दिए। उनके द्वारा गाए गए रामपुर के अंतिम शासक नवाब रजा अली खां के लिखे गीतों पर पूर्व शासकों के वंशज झूम उठे।

संगीत ही नहीं, जायके में भी रामपुर के शाही पकवानों का जलवा रहा। शेफ महफूज कुरैशी द्वारा तैयार रामपुर मटन गलावटी कबाब, रामपुरी बिरयानी, सब्ज़ बिरयानी और वेज शामी कबाब आदि व्यंजन खूब पसंद किए गए। सिरमौर की कुंवरानी विजया सिंह, लिमडी के ठाकुर शिवराज सिंह और शेफ करन तलवार द्वारा प्रस्तुत व्यंजन भी सराहे गए।

ये भी पढ़ें:- कानपुर: आनंदेश्वर मंदिर कॉरिडोर का काम शुरू, 25 करोड़ से चमकेगा धाम

संबंधित समाचार