हल्द्वानी: दुबई से कमाकर लौटा युवक बना बच्चों का शिकार, गंवा दिए 50 हजार
हल्द्वानी, अमृत विचार। दुबई से कमाकर घर लौटे युवक को कुछ बच्चों ने अपना शिकार बना लिया। नजर चूकते ही बच्चों ने उसके बैग से हजारों की रकम उड़ा दी और फरार हो गए। पीड़ित ने बच्चों को पकड़ तो लिया, लेकिन रकम बरामद नहीं हुई। पीड़ित ने बच्चों को पुलिस के सुपुर्द कर दिया और …
हल्द्वानी, अमृत विचार। दुबई से कमाकर घर लौटे युवक को कुछ बच्चों ने अपना शिकार बना लिया। नजर चूकते ही बच्चों ने उसके बैग से हजारों की रकम उड़ा दी और फरार हो गए। पीड़ित ने बच्चों को पकड़ तो लिया, लेकिन रकम बरामद नहीं हुई। पीड़ित ने बच्चों को पुलिस के सुपुर्द कर दिया और पुलिस ने पीड़ित को कार्रवाई का भरोसा देकर चलता कर दिया।
मूलरूप से अल्मोड़ा के बिंता में रहने वाले दिगंबर चंद्र तिवारी दुबई में नौकरी करते हैं। दिगंबर ने बताया कि बीती 14 अक्टूबर को दुबई से दिल्ली से पहुंचे और उसी दिन वह हल्द्वानी आया। दिगंबर की मानें तो वह भोटियापड़ाव स्थित टैक्सी स्टैंड के पास खड़ा था। उसने अपने बैग से मोबाइल का हेड फोन निकाला और बैग की चेन लगाना भूल गया। इसी बीच वहां दो किशोर पहुंचे और बैग में रखी 50 हजार रुपए की गड्डी पार कर दी। जिसके बाद दोनों अलग-अलग दिशाओं में भाग खड़े हुए।
हालांकि अन्य लोगों की मदद से दिगंबर ने दोनों को पकड़ लिया, लेकिन उनके पास से नगदी नहीं मिली। जिसके बाद दिगंबर ने उन्हें पुलिस के सुपुर्द कर दिया। पुलिस ने दिगंबर का नाम, पता और मोबाइल नंबर दर्ज करते हुए कार्रवाई का भरोसा देकर चलता कर दिया।
तीन दिन बाद भी नहीं हुई कार्रवाई
दिगंबर ने बताया कि पुलिस ने पूछताछ के लिए दोनों किशोरों को मंगलपड़ाव चौकी भेजने की बात कही। साथ ही युवक से शिकायती पत्र व फोन नंबर कोतवाली में देकर गांव जाने के लिए कह दिया गया। तीन दिन बीतने के बाद भी पुलिस की ओर से कोई कार्रवाई नहीं होने पर युवक ने पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए हैं।
तीन साल बाद वापस लौटा अपने घर
दिगंबर ने बताया कि वह तीन साल बाद दीपावली मनाने के लिए अपने घर लौटा था। उसे दुबई से तन्ख्वाह मिली थी और इन रुपयों को उसने दिल्ली में भारतीय रुपयों में बदलते, ताकि वह अपने घरवालों को दे सके, लेकिन रकम रास्ते में ही चोरी हो गई। दिगंबर ने मामले की शिकायत आलाधिकारियों से करने की बात कही है।
