किच्छा: पटरी किनारे कटी अवस्था में मिला युवक का शव
किच्छा, अमृत विचार। कोतवाली क्षेत्रार्गत बहन के घर से मुंबई जाने के लिए निकले युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। युवक का शव पटरी किनारे ट्रेन से कटी अवस्था में मिला। घटना की जानकारी पर पहुंची पुलिस ने मोबाइल नंबर के आधार पर परिजनों को जानकारी दी। सूचना पर पहुंची मृतक की बहन …
किच्छा, अमृत विचार। कोतवाली क्षेत्रार्गत बहन के घर से मुंबई जाने के लिए निकले युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। युवक का शव पटरी किनारे ट्रेन से कटी अवस्था में मिला। घटना की जानकारी पर पहुंची पुलिस ने मोबाइल नंबर के आधार पर परिजनों को जानकारी दी। सूचना पर पहुंची मृतक की बहन ने युवक की पहचान अपने भाई के रूप में की। फिलहाल पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर कार्यवाही शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार गुरुवार की सुबह कोतवाली अंतर्गत हरियाणा फार्म क्षेत्र में रेलवे पटरी किनारे युवक का क्षत-विक्षत शव मिलने से सनसनी फैल गई। कुछ ही देर में तमाम लोगों का जमावड़ा मौके पर लग गया। शव के पास कपड़े से भरा एक बैग भी पड़ा हुआ था। स्थानीय लोगों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेते हुए मृतक के मोबाइल के आधार पर परिजनों को घटना की जानकारी दी।
पुलिस की सूचना पर कोतवाली अंतर्गत ग्राम रामेश्वरपुर निवासी सावित्री देवी अपने परिजनों के साथ मौके पर पहुंची और मृतक की पहचान अपने भाई मूल रूप से जिला सारणी, बिहार निवासी 27 वर्षीय पिंटू कुमार के रूप में की। मृतक की बहन सावित्री देवी ने बताया कि उसका भाई पिंटू मुंबई में रहकर नौकरी करता था और 10 दिन पूर्व रामेश्वरपुर आया था। उन्होंने बताया कि गुरुवार की सुबह 6 बजे भाई पिंटू अपना बैग लेकर घर से मुंबई के लिए निकला था।
युवक की संदिग्ध मौत को लेकर तमाम सवाल खड़े हो रहे हैं। सवाल उठ रहा है कि जब पिंटू ने मुंबई जाना था तो ट्रेन अथवा बस के माध्यम से यात्रा करता, लेकिन किन कारणों के चलते वह शहर से बाहर हरियाणा फार्म क्षेत्र में पहुंच गया। फिलहाल पुलिस ने शव कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।
