रामपुर : वेद भारती आश्रम क्रिमचा में हरितऋृषि ने रोपा कल्पवृक्ष का पौधा

Amrit Vichar Network
Published By Amrit Vichar
On

रामपुर, अमृत विचार। जनपद का पहला कल्पवृक्ष विकास खंड मिलक के ग्राम क्रिमचा में गुरुवार को रोपा गया। यहां शुरू होने जा रहे ‘वेद भारती आश्रम’ प्रांगण में कल्पवृक्ष रोपण के समय ग्रीनमैन आफ इण्डिया हरितऋषि विजयपाल बघेल, भाग्योदय फाउंडेशन के अध्यक्ष व संस्थापक आचार्य राम महेश मिश्र, ब्लॉक प्रमुख अर्चना गंगवार एवं मिलक वन …

रामपुर, अमृत विचार। जनपद का पहला कल्पवृक्ष विकास खंड मिलक के ग्राम क्रिमचा में गुरुवार को रोपा गया। यहां शुरू होने जा रहे ‘वेद भारती आश्रम’ प्रांगण में कल्पवृक्ष रोपण के समय ग्रीनमैन आफ इण्डिया हरितऋषि विजयपाल बघेल, भाग्योदय फाउंडेशन के अध्यक्ष व संस्थापक आचार्य राम महेश मिश्र, ब्लॉक प्रमुख अर्चना गंगवार एवं मिलक वन रेंज के उप क्षेत्राधिकारी कुलदीप कुमार सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे। इस अवसर पर यज्ञ के उपरान्त पर्यावरण संगोष्ठी भी हुई। मिलक तहसील के जाने-माने लोकसेवी स्मृतिशेष किशन लाल अग्रवाल ‘नेताजी’ की मूर्ति का अनावरण आश्रम परिसर में अतिथियों के द्वारा किया गया। आश्रम की गौशाला में गौमाताओं के पूजन का दृश्य बड़ा अनूठा रहा।

पर्यावरण संगोष्ठी में बोलते हुए हरित ऋषि विजयपाल बघेल ने कहा कि समुद्र मंथन में निकले 14 रत्नों में प्रमुख कल्पवृक्ष, जो देवलोक के पेड़ की मान्यता प्राप्त करने वाला एकमात्र वृक्ष है और जो धरती लोक पर कुछ गिने-चुने पावन स्थलों पर ही पाया जाता है, आज मिलक-रामपुर के क्रिमचा स्थित वेद भारती आश्रम के पावन परिसर में रोपा गया है। इस कल्पवृक्ष को समूचे जनपद का ‘प्रथम कल्पवृक्ष’ होने का गौरव प्राप्त हुआ है।

मनोकामना पूरी करने वाला एवं सांसारिक जीवन, दैहिक, दैविक व भौतिक संतापों को हरने वाले एकमात्र दिव्य वनस्पति के रूप में यह कल्पवृक्ष इस क्षेत्र में संकटमोचक और पर्यावरण संरक्षण में अहम भूमिका निभाएगा। उन्होंने कहा कि आध्यात्मिक महत्व रखने वाली वनस्पतियों का रोपण ‘हरिशंकरी’ के रूप में पूरे विधि विधान के साथ यहां किया जाना बड़े सौभाग्य का सूचक है। आश्रम की संस्थापक सदस्य डॉ. शुभ्रा अग्रवाल ने नारी शक्ति का आह्वान किया कि वे यहां की रचनात्मक गतिविधियों से अपने आपको जोड़ें।

वेद भारती आश्रम के कल्पनापुरुष डॉ. हरीश अग्रवाल ने कहा कि आश्रम के मुख्य उद्देश्यों में प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण और संवर्धन पर विशेष ध्यान दिए जाने की रचनात्मक पहल हो रही है। यहां प्रदूषण नियंत्रण के लिए आवश्यक सभी आवश्यक प्रयास करने की भी योजना है। उन्होंने शिक्षा, स्वास्थ्य, स्वावलंबन, गौसेवा, वृद्धजन सेवा, जैविक खेती, होमा थेरैपी (अग्निहोत्र विज्ञान) आदि प्रस्तावित योजनाओं के बारे में जानकारी दी।

इस अवसर पर पर्यावरण सचेतक समिति के सहसंयोजक रामवीर सिंह, पर्यावरण सचेतक का नेपाल सिंह पाल ने भी संबोधित किया। आश्रम के मुख्य कार्यकारी अधिकारी देवेन्द्र अग्रवाल ने अतिथियों का धन्यवाद ज्ञापन किया। कार्यक्रम में उद्योग व्यापार मण्डल के रामपुर जिलाध्यक्ष अनिल अग्रवाल, नगर अध्यक्ष नवीन भाटिया, जिला पंचायत सदस्य शुभांक गंगवार, रुद्रपुर आर्य प्रतिनिधि सभा के आचार्य विवेक वरुण, नवीन पाण्डेय, अखिलेश शर्मा, किशन लाल शर्मा आदि उपस्थित रहे।

क्रिमचा को भाग्योदय ग्राम बनाने की हुई घोषणा
भाग्योदय फाउंडेशन के अध्यक्ष आचार्य राम महेश मिश्र के मुख्य समन्वयन एवं संचालन में सम्पन्न संगोष्ठी को संबोधित करते हुए हरित ऋषि ने आगे कहा कि वेद भारती आश्रम प्रकृति संरक्षण एवं संस्कृति संस्कार आदि के सुधार का मुख्य केन्द्र बनने की सकारात्मक योजना पर कार्य कर रहा है। भाग्योदय फाउंडेशन के सहयोग से विकसित हो रहा यह आश्रम ग्लोबल वार्मिंग और जलवायु परिवर्तन की विश्वव्यापी समस्या के निदान हेतु आवश्यक पर्यावरण सुरक्षा के प्रति संकल्पित नए आयाम स्थापित करेगा। उन्होंने क्रिमचा ग्राम पंचायत को ‘भाग्योदय ग्राम’ के रूप में विकसित करने के भाग्योदय प्रमुख आचार्य राम महेश मिश्र के संकल्प की सराहना की।

ये भी पढ़ें:- मुरादाबाद: चाचा-भतीजे के शव घर पहुंचते ही परिवार में मचा कोहराम

संबंधित समाचार